इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों सभी परियोजनाएं: जिलाधिकारी

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों सभी परियोजनाएं: जिलाधिकारी

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा -जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने शासन की प्राथमिकता वाले निर्माण कार्यों की परियोजनावार समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।

जिलाधिकारी महोदय ने बैठक में भरथना बाईपास, 300 बेडेड स्त्री एवं प्रसूति चिकित्सालय (गायनी ब्लॉक), बकेवर-लखना-सिंदौस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, पैरामेडिकल के आवासीय एवं अनावासीय भवनों, इटावा जंक्शन रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास तथा सैफई क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की परियोजनावार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाने के स्पष्ट निर्देश प्राप्त हुए हैं। अतः संबंधित कार्यदायी संस्थाएं कार्यों में अपेक्षित तेजी लाते हुए गुणवत्ता एवं मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने जिला कारागार में 24 बंदी क्षमता वाली हाई सिक्योरिटी बैरक, टाइप-2 के 18 आवास, टाइप-4 आवास एवं डॉरमेट्री के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी महोदय ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा जिला कारागार से संबंधित सभी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सैफई क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 50 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक, ओपीडी भवन के बाहरी हिस्से में ग्राउंड फ्लोर से पांचवीं मंजिल तक रैंप, 300 बेडेड स्त्री एवं प्रसूति चिकित्सालय (गायनी ब्लॉक) तथा पैरामेडिकल आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को आगामी एक-दो माह में पूर्ण किया जा सकता है, उन्हें विशेष अभियान चलाकर समय से पूरा कराया जाए।

बैठक में साइबर क्राइम थाने के प्रशासनिक भवन, अनुसूचित जाति छात्रावास सराय दयानत के मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य, विकासखंड महेवा के ग्राम झुगरी में सामुदायिक केंद्र, जिला संयुक्त चिकित्सालय में अग्निशमन व्यवस्था तथा विक्टोरिया हॉल के सौंदर्यीकरण सहित अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की प्रगति एवं निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए सभी परियोजनाओं को तय समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी महोदय ने पिलुआ महावीर मंदिर पर यात्री गृह के सामने पार्क एवं पहुंच मार्ग के विकास, रामायण क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर, सिद्धपीठ पथरी बाबा जसवंतनगर, शीतला देवी मंदिर बसेहर तथा सुमेर सिंह किला क्षेत्र में ईको-पर्यटन विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय, मामन हिम्मतपुर के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है और इसकी प्रगति एवं गुणवत्ता का शासन स्तर पर भी संज्ञान लिया जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को तत्काल निर्माण गुणवत्ता में सुधार लाने तथा कार्य में तेजी लाकर परियोजना को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त जीआईसी में इंडोर मिनी स्टेडियम, डायट में अतिरिक्त कक्ष, ऑडिटोरियम, शौचालय ब्लॉक एवं मीटिंग हॉल तथा पी0आर0 राजकीय महाविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने गुणवत्ता में सुधार लाने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण स्टेडियम एवं पुलिस लाइन में 200 पुरुषों की क्षमता वाली बैरक के निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।

जिलाधिकारी महोदय ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य केवल ठेकेदार, मिस्त्री अथवा मजदूरों के भरोसे न छोड़े जाएं, बल्कि संबंधित अधिकारी स्वयं नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सरकारी भवन एवं सार्वजनिक परियोजना का निर्माण इस प्रकार हो कि वह अपनी गुणवत्ता एवं उत्कृष्ट निर्माण के माध्यम से आमजन के विश्वास पर खरा उतरे।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि शासन स्तर से निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसलिए सभी कार्यदायी संस्थाएं परियोजनाओं की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें । उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button