
पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर कार्यक्रम आयोजित, रंगोली प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत इटावा द्वारा थियोसोफिकल इंटर कॉलेज के सभागार में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इटावा सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि श्रीमती सरिता भदौरिया ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन, उनके विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को थियोसोफिकल इंटर कॉलेज के प्राचार्य एवं जिला युवा अधिकारी, माय भारत इटावा द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत डेज़लर डांस अकैडमी के युवा कलाकारों द्वारा नशामुक्ति एवं स्वस्थ समाज का संदेश देते हुए आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित युवाओं एवं दर्शकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सकारात्मक बदलाव लाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में थियोसोफिकल इंटर कॉलेज के प्राचार्य अनूप मिश्रा एवं शिक्षकगण, माय भारत इटावा की जिला युवा अधिकारी सोनिका चंद्रा लेखाकार श्रवण बाथम स्वयंसेवक नीरज ,ऋषभ ,आशा , डेज़लर डांस अकैडमी के कलाकार तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


