
सेवा संकल्प अभियान में 685 आंगनवाड़ी केन्द्रों में आंगन मिलन सेवा का शुभारंभ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक जिले के समस्त 2400 आंगनवाड़ी केन्द्रों में आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया जा रहा है। अभियान की थीम सेवा, पोषण और सम्मान का राष्ट्रीय संकल्प है। अभियान का उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को सेवा, पोषण, सीखने, सहभागिता एवं सम्मान के उत्सव के रूप में सक्रिय करना तथा स्थानीय सेवाओं को विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान के प्रथम चरण में 685 चयनित आंगनवाड़ी केन्द्रों पर तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम प्रारंभ किए गए। प्रथम दिवस 26 सितम्बर को बाल स्वास्थ्य एवं आनंदमयी गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत मुनगा/सुरजना पौधों के रोपण एवं स्वच्छता अभियान से हुई। इसके बाद 3 से 6 वर्ष के बच्चों की आनंदमयी गतिविधियां, माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के पत्रों का वाचन, माताओं से संवाद, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं पौष्टिक भोजन वितरण किया गया। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। गंगेव-2 में मनगवां विधायक इंजी. नरेन्द्र प्रजापति तथा रीवा शहर के आंगनवाड़ी कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल शामिल हुईं। जिले के अन्य केन्द्रों पर भी पंच, सरपंच, पार्षद एवं नगर परिषद अध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रथम चरण के चयनित आंगनवाड़ी केन्द्रों पर द्वितीय एवं तृतीय दिवस की गतिविधियों का आयोजन भी निर्धारित कार्यक्रमानुसार किया जाएगा। अभियान के माध्यम से आंगनवाड़ी केन्द्रों को जनसहभागिता, सेवा, पोषण एवं बाल विकास के सक्रिय केन्द्र के रूप में सशक्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

