विकासखण्डों में दिव्यांग विद्यार्थियों की मेडिकल जाँच के लिए लगेंगे शिविर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . दिव्यांग विद्यार्थियों की मेडिकल जाँच तथा उन्हें सहायता के लिए उपकरणों के चिन्हांकन के शिविर लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय विभाग तथा भारत सरकार की भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम एलिमको द्वारा इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। विकासखण्ड मुख्यालयों में शिविर लगाकर दिव्यांग विद्यार्थियों की विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जाँच की जाएगी। विकासखण्ड सिरमौर में 28 सितम्बर को सांदीपनि विद्यालय में तथा जवा में 29 सितम्बर को जनता विद्यालय में शिविर लगेगा। रायपुर कर्चुलियान विकासखण्ड में जनपद शिक्षा केन्द्र में 1 अक्टूबर को तथा गंगेव में उत्कृष्ट विद्यालय में 3 अक्टूबर को शिविर लगेगा। विकासखण्ड त्योंथर में शासकीय हाईस्कूल सोहागी में 6 अक्टूबर को एवं विकासखण्ड रीवा में शासकीय मार्तण्ड उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक में 7 अक्टूबर को शिविर लगेगा।
कलेक्टर ने बताया कि इन शिविरों में 8 से 14 वर्ष की आयु के दिव्यांग विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जाँच करके उनका यूडीआईडी कार्ड बनाया जाएगा। इसके लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आवश्यक प्रबंध करें। विद्यार्थियों की जाँच के लिए 4 विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन द्वारा की जाएगी। शिविर के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला समन्वयक शिक्षा केन्द्र करेंगे। संबंधित क्षेत्र के एसडीएम विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर शिविरों का शासन के निर्देशों के अनुरूप आयोजन कराएं। कलेक्टर ने आमजनता से शिविरों से लाभ उठाने की अपील की है।


