
शिविर आवेदनों के निराकरण के साथ दे रहे जनसंवाद का अवसर – विधायक गुढ़
योजनाओं का लाभ मिलने से बढ़ेगा आमजनता का विश्वास – विधायक गुढ़
शिविर में आवेदनों के निराकरण के साथ हो रही योजनाओं की मानीटरिंग – कलेक्टर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जन विश्वास अभियान के तहत नगर पंचायत गुढ़ में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ करते हुए विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह ने कहा कि जन विश्वास शिविर आमजनता के आवेदनों के निराकरण के साथ-साथ जनसंवाद का अवसर दे रहे हैं। शिविर के माध्यम से सभी विभागों की योजनाओं का एक ही स्थान पर हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है। योजनाओं का लाभ मिलने से आमजनता का विश्वास बढ़ेगा। सभी अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में मैदानी स्तर पर आ रही कठिनाईयों को दूर करके योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें। आमजनता को विभागीय योजनाओं की शिविर में पूरी जानकारी दें। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान में शासन के निर्देशों के अनुरूप विभिन्न आयोजन करें।

शिविर में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जन विश्वास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में आमजनता को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। इसके साथ-साथ सभी अधिकारी स्कूल, अस्पताल, आंगनवाड़ी केन्द्र, उचित मूल्य दुकान तथा विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण भी कर रहे हैं। शिविर में उद्यम संवाद के माध्यम से स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ जिले के आर्थिक विकास की गतिविधियों की चर्चा की जा रही है। जन विश्वास शिविरों का बहुत अच्छा फीडबैक मिल रहा है। शिविरों के आयोजन के बाद से सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी आई है और दर्ज होने वाले प्रकरणों की संख्या घटी है।
शिविर में एसडीएम गुढ़ सुधाकर सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि जन विश्वास शिविर के तहत नामांतरण के 86 प्रतिशत तथा बंटवारे के 74 प्रतिशत लंबित आवेदनों का निराकरण कर दिया गया है। तहसील में 51 प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बना दी गई है। नगर परिषद गुढ़ द्वारा 1615 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है। साथ ही संबल योजना में मजदूरों के पंजीयन के 4325 आवेदन निराकृत किए गए हैं। शिविर में आमजनता से प्राप्त 143 आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई। विधायक और कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के स्टालों में जाकर आवेदन पत्रों के निराकरण की जानकारी ली।
उद्यम संवाद :- शिविर में उद्योग विभाग द्वारा आयोजित उद्यम संवाद में दो उद्यमियों ने अपने उद्यम की सफलता की कहानी सुनाई। औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ में संचालित सांई इंडस्ट्रीज के संचालक ज्योति रंजन ने बताया कि मैंने तीन करोड़ रुपए का निवेश करके प्लास्टिक ड्रम बनाने की फैक्ट्री लगाई है। मुझे उद्योग विभाग से एक करोड़ 78 लाख रुपए का अनुदान मिला है। फैक्ट्री से 40 कामगारों को रोजगार दिया जा रहा है। शिविर में अंकिता राइस मिल के रितेश साहू ने बताया कि उन्होंने दो करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से राइस मिल की स्थापना की है। इससे 10 लोगों को स्थाई रूप से रोजगार दिया जा रहा है। उद्योग विभाग से मुझे अनुदान का लाभ मिला है।

हितलाभ वितरण :- शिविर में विधायक गुढ़ तथा कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। संबल योजना से प्रभाकर सिंह को दो लाख रुपए तथा अनुराधा तिवारी को चार लाख रुपए की सहायता राशि दी गई। रीति बसोर तथा ललऊ कोल को पाँच-पाँच हजार रुपए की अन्त्येष्टि सहायता राशि दी गई। शिविर में केशकली साकेत तथा मीना मिश्रा को राष्ट्रीय परिवार सहायता के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में उद्योग विभाग की ओर से उद्यम क्रांति योजना से दीपांशु अवधिया को किराना व्यवसाय के लिए 15 लाख रुपए तथा एमएसएमई से विष्णुप्रिया कॉन्स्ट्रक्शन कंपनी को 1.5 करोड़ की राशि प्रदान की गई। शिविर में संबल कार्ड तथा आयुष्मान कार्ड वितरण किया गया। शिविर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। शिविर में कलेक्टर ने हितग्राहियों के आवेदनों की सुनवाई करके उनका निराकरण कराया। शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, एसडीओपी हिमाली पाठक, संयुक्त आयुक्त (विकास) वीरेन्द्र पटेल, सीएमओ मोहित शुक्ला, तहसीलदार विनयमूर्ति शर्मा, नायब तहसीलदार महिमा पाठक तथा सभी जिला और खण्ड स्तर के अधिकारी तथा आमजन उपस्थित रहे। जन विश्वास अभियान में हायर सेकण्डरी स्कूल महसांव और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुढ़ का निरीक्षण भी किया गया।


