
नर्सिंग परीक्षा परिणाम घोषित होने पर विद्यार्थियों ने उप मुख्यमंत्री का जताया आभार
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के रीवा निवास पहुंचकर नर्सिंग के विद्यार्थियों ने आभार व्यक्त किया। मध्यप्रदेश के नर्सिंग विद्यार्थियों के लंबे समय से लंबित परीक्षा परिणाम घोषित होने पर विद्यार्थियों तथा प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के सदस्यों विनय शुक्ला, डॉ सुमन सिंह परिहार, डॉ जी.एल. पटेल एवं अन्य संचालकगण के नेतृत्व में नर्सिंग विद्यार्थियों ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल से भेंट कर लंबित परीक्षा परिणाम घोषित करवाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यार्थियों ने कहा कि परिणाम लंबित होने के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई, प्रवेश एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उप मुख्यमंत्री के प्रयासों से लंबित परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। नर्सिंग छात्रों ने उप मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिणाम घोषित होने से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिली है तथा उनकी आगे की शिक्षा एवं करियर का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ प्रणीत जैन ने कहा कि नर्सिंग विद्यार्थियों के हित में परिणाम घोषित करवाने के लिए उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल द्वारा किए गए प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े विषयों पर शासन द्वारा संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया जाना स्वागत योग्य है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने नर्सिंग छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अस्पतालों में दवा और तकनीक से इलाज तो होता है, लेकिन मरीज को जल्दी स्वस्थ करने में नर्सों की आत्मीय सेवा और देखभाल सबसे बड़ा संबल बनती है। स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में नर्सों को मानवता की रीढ़ माना जाता है, क्योंकि वे न केवल शारीरिक उपचार करती हैं बल्कि मरीजों को भावनात्मक सुरक्षा भी देती हैं। नर्स केवल पेशेवर दायित्व नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और आत्मीयता का प्रतीक है।

