
सेवा संकल्प अभियान में 345 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के समस्त 1037 आंगनवाड़ी केन्द्रों में 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को केवल शासकीय सेवाओं के वितरण स्थल तक सीमित न रखते हुए सेवा, पोषण, सीखने, सहभागिता और सम्मान के जीवंत केन्द्र के रूप में विकसित करना है।
अभियान की थीम ‘सेवा, पोषण और सम्मान का राष्ट्रीय संकल्प’ रखी गई है। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सेवाओं को विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में जिले के 345 चयनित आंगनवाड़ी केन्द्रों पर तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, माताओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य हितग्राहियों के साथ संवाद स्थापित कर पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बाल देखभाल एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं परिसरों की स्वच्छता तथा साज-सज्जा, बच्चों के लिए आनंदमयी एवं सीखने से जुड़ी गतिविधियां, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियां तथा हितग्राहियों से संवाद आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करने की गतिविधियां भी होंगी। अभियान के दौरान ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं एवं परिवारों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे, ताकि योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव की जानकारी आमजन तक पहुंच सके।

