
इटावा में कलेक्ट्रेट सभागार में बैंकर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। आज मुख्य विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैंकर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (CM-YUVA) एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत बैंक स्तर पर लंबित ऋण पत्रावलियों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जनपद के विभिन्न बैंकों में ऋण स्वीकृति/वितरण हेतु लगभग 325 पत्रावलियां बैंक स्तर पर लंबित पाई गईं। भारतीय स्टेट बैंक में लगभग 141, पंजाब नेशनल बैंक में 24, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में 33 तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में लगभग 20 पत्रावलियां लंबित पाई गईं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में भी कई पत्रावलियां बैंक स्तर पर लंबित पाई गईं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में विशेष रूप से भारतीय स्टेट बैंक एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं से किसी भी शाखा प्रतिनिधि के उपस्थित न होने पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने सभी संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित ऋण पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य पात्र युवाओं एवं लाभार्थियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के अवसर प्रदान करना है। ऋण वितरण में अनावश्यक विलंब से योजनाओं के उद्देश्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद की योजनागत प्रगति एवं रैंकिंग में सुधार के साथ-साथ अधिकाधिक युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें तथा जनपद के आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन को गति मिल सके।

