
जिलाधिकारी ने जिला कोषागार कार्यालय का किया वार्षिक निरीक्षण
डबल लॉकर एवं सिंगल लॉकर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार द्वारा जिला कोषागार कार्यालय, औरैया का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोषागार में स्थापित डबल लॉकर एवं सिंगल लॉकर का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने डबल लॉकर एवं सिंगल लॉकर की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव तथा उनमें सुरक्षित रखे जाने वाले महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं सामग्रियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोषागार में रखे जाने वाले महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोषागार से संबंधित अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इनके सुरक्षित, व्यवस्थित एवं नियमानुसार रख-रखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डबल लॉकर एवं सिंगल लॉकर से संबंधित सभी अभिलेखों एवं पंजिकाओं को अद्यतन रखा जाए तथा लॉकरों के संचालन में निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कोषागार परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित रूप से परीक्षण करते रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोषागार की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अभिलेखों की सुरक्षा एवं निर्धारित नियमों का अनुपालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जो भी आवश्यक बिंदु सामने आए, उनका नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
उक्त अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी हरीश कुमार सोलंकी, उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद, उप जिला मजिस्ट्रेट अर्सला नाज़ सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



