मध्य प्रदेशप्रशासनरीवा

सेवा संकल्प अभियान में जिले में आंगन मिलन सेवा का आयोजन

सेवा संकल्प अभियान में जिले में आंगन मिलन सेवा का आयोजन

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

  रीवा . महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रीवा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान 2.0’ के अंतर्गत 26 सितम्बर से 05 अक्टूबर 2026 तक जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों में “आंगन मिलन सेवा” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान की मुख्य थीम “सेवा, पोषण और सम्मान का राष्ट्रीय संकल्प” है। रीवा जिले के समस्त 2400 आंगनवाड़ी केन्द्रों में चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जा रहे इस अभियान में प्रथम फेज में 906, द्वितीय फेज में 403 तथा शेष आंगनवाड़ी केन्द्रों में तृतीय फेज में आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को सेवा, पोषण, सीखने, सहभागिता एवं सम्मान के उत्सव के रूप में सक्रिय करना तथा स्थानीय स्तर पर संचालित सेवाओं और गतिविधियों को विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत प्रत्येक केन्द्र पर तीन दिवसीय विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। प्रथम दिवस बाल स्वास्थ्य एवं आनंदमयी गतिविधियों के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, मुनगा/सुरजना का पौधरोपण, 3 से 6 वर्ष के बच्चों की गतिविधियां, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी के संदेश/पत्रों का वाचन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, माताओं से संवाद, स्वास्थ्य परीक्षण एवं बच्चों को पौष्टिक भोजन वितरण किया जा रहा है। द्वितीय दिवस मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण संवाद के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण तथा संतुलित आहार, एनीमिया नियंत्रण, स्तनपान एवं शिशु देखभाल जैसे विषयों पर पोषण संवाद आयोजित किया जा रहा है। तृतीय दिवस लाभार्थी संवाद के अंतर्गत “मेरी कहानी, मेरी सफलता” गतिविधि के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं द्वारा अपने अनुभव साझा किए जा रहे हैं तथा योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर संवाद किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग, रीवा द्वारा जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, माताओं एवं बच्चों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम आंगनवाड़ी केन्द्र में आयोजित “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम में सहभागिता कर अभियान को सफल बनाएं। आइए, हर आंगन को सेवा, पोषण और सम्मान का केंद्र बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button