
विधान परिषद खंड स्नातक/शिक्षक की निर्वाचन संबंधी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी महोदय ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा —जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड स्नातक/शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत नोडल अधिकारियों एवं सहायक नोडल अधिकारियों की तैयारियों संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।
मतदान 23 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक कराया जाएगा। इसके लिए 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियों की रवानगी की जाएगी। जनपद में कुल 25 मतदान केंद्र, 27 मुख्य मतदेय स्थल तथा 03 प्रस्तावित सहायक मतदेय स्थल, इस प्रकार कुल 30 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
जिलाधिकारी महोदय ने सभी नोडल अधिकारियों एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी, गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ किया जाए। निर्वाचन की समस्त व्यवस्थाओं की पूर्व में ही व्यावहारिक रूप से समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। निर्धारित व्यवस्थाओं एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों के आवागमन के लिए रूट चार्ट का विशेष ध्यान रखते हुए ऐसा मार्ग निर्धारित किया जाए, जिससे अनावश्यक यातायात बाधा एवं जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पूर्व आवश्यक प्रशिक्षण एवं व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि निर्वाचन में मतदाता सूची अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी संबंधित एसडीएम मतदाता सूचियों का गहन परीक्षण कर लें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा कमी को समय रहते दूर कराएं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं (Assured Minimum Facilities) सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान कार्मिकों एवं मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन की प्रत्येक व्यवस्था की समयबद्ध समीक्षा करते हुए पूर्व तैयारी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए, जिससे मतदान प्रक्रिया सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
उक्त बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आइ0ए0एस कोमल पुनिया, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, समस्त उप जिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी डोगरा शक्ति, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा, समस्त खंड विकास अधिकारी, ए0आर0टी0ओ प्रदीप देशमणि, जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थिति रहे।

