
छात्रावास में अनियमित पाए जाने पर अधीक्षिका निलंबित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन ने शासकीय जूनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, भीर (नईगढ़ी) की तत्कालीन अधीक्षिका एवं प्राथमिक शिक्षक श्रीमती संतोष कुमारी साकेत को गंभीर लापरवाही, वित्तीय एवं प्रशासकीय अनियमितताओं तथा अनुशासनहीनता के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। जिला संयोजक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कार्य विभाग तथा तीन सदस्यीय जांच दल के निरीक्षण में छात्रावास में 43 छात्राएं दर्ज होने के बावजूद मौके पर केवल 6 उपस्थित मिलीं। निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने, अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने और छात्रावास परिसर से दूर निवास करने सहित अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं।
इन परिस्थितियों में श्रीमती साकेत को अधीक्षिका के प्रभार से मुक्त कर श्रीमती तारा देवी वर्मा को प्रभार सौंपने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने प्रभार नहीं सौंपा तथा आदेश नहीं लिया एवं कारण बताओ नोटिस का भी जवाब संतोषजनक नहीं दिया गया। कलेक्टर द्वारा निर्देशों की अवहेलना तथा स्वेच्छाचारिता के आरोप में अधीक्षिका को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय नियत किया गया है निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।


