
गांधी जयंती पर कलेक्ट्रेट परिसर एवं शासकीय महाविद्यालय में दिखा स्वच्छता का जनसंकल्प
जिले में धूमधाम से मनाई गई शास्त्री जी की जयंती
विधायक, अपर कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों ने किया श्रमदान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता का संदेश देते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर इसे व्यवहार में उतारा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत कार्यक्रम में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, अपर कलेक्टर पीके पांडेय सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
गांधी जयंती के अवसर पर शासकीय केदारनाथ महाविद्यालय मऊगंज में विधायक श्री प्रदीप पटेल एवं अधिकारियों ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। इस दौरान परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं शहीद केदारनाथ की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विधायक श्री पटेल ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं नागरिकों से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों से प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने, वैकल्पिक साधनों को अपनाने और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की गई। प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
विधायक श्री पटेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलाई। सभी ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
गांधी पार्क हनुमना में हुआ नवनिर्मित प्रतिमा अनावरण समारोह
गांधी जयंती के अवसर पर विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने नगर परिषद हनुमना स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता जनभागीदारी से जुड़ा संकल्प है। प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।
स्वच्छता मित्रों का सम्मान, सेवा को मिला सम्मान
कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों का सम्मान कर उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया। स्वच्छता कर्मियों को समाज के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर की व्यवस्था में महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इसके उपरांत वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र नगर परिषद अध्यक्ष मऊगंज बृजवासी पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता एसडीएम हनुमना राजेश मेहता , एसडीम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित गणमान्य पत्रकार एवं जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों उपस्थित रहे इन्होंने श्रमदान मैं भी हिस्सा
लिया ।


