प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

सेवा ज्योति यात्रा के तहत विकसित भारत संकल्प सभा का हुआ आयोजन

सेवा ज्योति यात्रा के तहत विकसित भारत संकल्प सभा का हुआ आयोजन

जिले में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, निकली सेवा ज्योति यात्रा

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश 

 मऊगंज / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के तहत पीएम श्री शासकीय शाहिद केदारनाथ महाविद्यालय में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के देश की जनता के नाम संबोधन का लाइव प्रसारण उपस्थित जनसमुदाय द्वारा देखा एवं सुना गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता के विश्वास ने मुझे बड़े संकट में धैर्य रखने और कठिन परिस्थितियों में दिन-रात देश की सेवा करने की प्रेरणा दी है। इसी के कारण राष्ट्र की सामूहिक चेतना ने कोरोना जैसे कठिन काल का सामना किया। हमारा देश वैदिक काल से लेकर विवेकानंद जी तक वैचारिक यात्रा और सांस्कृतिक मूल्यों का वाहक रहा है। हमने पूरे विश्व को मानवता का पाठ पढ़ाया है। आज का दिन देश के विकास के संकल्पों को नई ऊर्जा देने का दिन है। देश को 2047 तक विकसित बनाने, विश्व की टॉप-3 इकोनॉमी बनाने, ओलंपिक खेलों के आयोजन, देश को ग्लोबल हब बनाने और चंद्रमा में भारतीय के कदम रखने के संकल्प का आज दिन है। अभी पूरी दुनिया में देश के एक पायलट की बहादुरी की चर्चा हो रही है। एक दिन ऐसा भी होगा जब पूरी दुनिया मेड इन इंडिया एरोप्लेन की चर्चा करेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश तेजी से विकास कर रहा है। कई देश विरोधी ताकतें विकास की राह में बाधा डालने का प्रयास कर रही हैं। विकास का पूरा फल आज की जेन जी पीढ़ी को मिलेगा। देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी देश के युवाओं पर ही है। विकसित भारत का सपना युवा ही पूरा करेंगे। देश ने कई चुनौतियों का सामना किया। हम कोरोना संकट में खुद को बचाने के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा में भी मददगार बने। नक्सलवाद और आतंकवाद का कठोरता से दमन किया गया। देश की ओर आंख उठाने वालों को उनके घर में घुसकर मारा गया। देश को कई क्षेत्रों में कल्पनातीत सफलताएं मिली हैं।

सेवा संकल्प सभा का वंदेमातरम के साथ शुभारंभ हुआ। समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने उपस्थितों को विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलाई। सेवा संकल्प सभा के उपरांत कार्यक्रम स्थल सेवा संकल्प ज्योति को रथ में स्थापित कर शहर के विभिन्न मार्गाे में भ्रमण कराया गया। जिले की विकास पुस्तिका का हुआ वितरण

इस अवसर पर मऊगंज जिले की विकास पुस्तिका का जनप्रतिनिधियो एवं आम जनों के बीच वितरण किया गया । इस अवसर पर विधायक देवतालाब गिरीश गौतम,विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेंद्र मिश्रा,कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन,मऊगंज जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह इंद्रपाल सिंह, मऊगंज नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, नईगढ़ी नगर परिषद अध्यक्ष नागिता गुप्ता, सहित बडी संख्या में जनप्रतिनिधि,सामाजिक कार्यकर्ता , विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं आम जन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button