सीतामढ़ी

महिला दिवस 2025 के उपलक्ष्य में सीतामढ़ी समाहरणालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम आयोजित

महिला दिवस 2025 के उपलक्ष्य में सीतामढ़ी समाहरणालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम आयोजित

विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी

सीतामढ़ी: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रिची पाण्डेय एवं डीपीओ आईसीडीएस कंचन कुमारी गिरि सहित अन्य महिलाओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने की, जबकि संचालन सीडीपीओ संध्या कुमारी ने किया। इस कार्यक्रम में महिलाओं को सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और किशोरियों को “नायिका पुरस्कार” एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। गुब्बारा छोड़कर महिला सशक्तिकारण का उत्सव मनाया गया| विषय प्रवेश कराते हुए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कंचन कुमारी गिरि ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व और महिला सशक्तिकरण पर विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज के विकास की कुंजी है। उन्होंने लिंगानुपात सुधारने और भ्रूणहत्या रोकने पर आत्ममंथन की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि लड़कियों और महिलाओं के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है, और कार्यस्थलों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी चर्चा की। डायट की प्राचार्या कुमारी अर्चना ने भारतीय संस्कृति में महिलाओं के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि सदर अस्पताल की उपाधीक्षक सुधा झा ने किशोरियों के आत्मरक्षा प्रशिक्षण पर बल दिया। अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी पूजा सिंह ने कहा कि महिलाएं फर्श से अर्श तक का सफर तय कर रही हैं। केंद्र प्रशासक शबनम कुमारी ने किशोरी सशक्तिकरण हेतु जागरूकता बढ़ाने की बात कही। प्रेरणादायक वक्तव्यों ने इस आयोजन को और भी विशेष बना दिया। अंत में जिलाधिकारी के नेतृत्व में नारी सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा हेतु शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन डीपीएम एजाजूल अंसारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर एडीएम संदीप कुमार, डीएसपी मुख्यालय नजीब अनवर, सिविल सर्जन, सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी सुभाष चंद्र राजकुमार, डीपीएम जीविका उमाशंकर भगत, प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, पिरामल के प्रोग्राम लीडर अभिषेक कुमार, डीसीएम देवजीत कुमार, सोनू कुमार, विकास कुमार, महिमा कुमारी, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, राम सकल सिंह महिला कॉलेज एवं कमला बालिका उच्च विद्यालय की छात्राएं तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button