
विश्व जल दिवस पर जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित हुआ जल संवाद कार्यक्रम
विशाल समाचार संवाददाता रीवा
रीवा . विश्व जल दिवस पर जन अभियान परिषद रीवा द्वारा रीवा विकासखण्ड के ग्राम छिजवार तथा दादर में जल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सम्भागीय समन्वयक प्रवीण पाठक ने कहा कि पानी जीवन का आधार है पानी का संरक्षण और संवर्धन नहीं हुआ तो पृथ्वी के सभी जीवों और वनस्पतियों का अस्तित्व बचाना मुश्किल होगा। हमें अपनी आगामी पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आज पानी बचाना होगा। हमे पानी बचाने के परंपरागत व आधुनिक दोनो तरीको का उपयोग करते हुए समाज को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा। ऐसे व्यक्ति जो प्रकृति संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहे है, उन्हें सम्मानित करना होगा।
संभागीय समन्वयक ने कहा कि गांव का विकास तभी होगा जब हर खेत और हर तालाब में पानी रहेगा। गांव की अर्थ व्यवस्था का आधार खेती है और खेती का आधार पानी है। जहां पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो गयी है वहां खेत सोना उगल रहे हैं। पानी का जीवन में कितना महत्व है यह हमें अच्छी प्यास लगने पर ही अहसास होता है। संवाद कार्यक्रम को विकासखंड समन्वयक अमित अवस्थी व नवांकुर संस्था सर्वोदय विंध्य विकास समिति के सचिव बृजेश सिंह व दीपा शिशु शिक्षा समिति के अध्यक्ष दयानंद तिवारी, जन कल्याण देशभक्ति सेवा मंडल के अध्यक्ष मुनेंद्र सिंह व सचिव विशाल सिंह, बृजभूषण तिवारी, अरुण पांडे ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण व समाजसेवी उपस्थित रहे।