
अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाह की रोकथाम के लिए सीतामढ़ी में चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता: अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाह की घटनाओं की रोकथाम हेतु जिला प्रशासन सीतामढ़ी द्वारा एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग-सह-प्रबंध निदेशक, महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इस अभियान में महिला एवं बाल विकास निगम सीतामढ़ी, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा प्रथम संस्था का सक्रिय सहयोग रहा। जागरूकता अभियान जानकी जन्मभूमि पुनौरा मंदिर एवं जानकी स्थान मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों में चलाया गया, जहाँ श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को बाल विवाह की कुप्रथा और उसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के तहत पंपलेट्स का वितरण, संवाद सत्र एवं जागरूकता पर आधारित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। डीपीएम इजाजुल अंसारी ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास बाल विवाह जैसी किसी भी घटना की जानकारी होने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर सूचना दें।
इस पहल का उद्देश्य समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त कर एक सुरक्षित एवं सशक्त बाल भविष्य का निर्माण करना है। मौके पर प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की परियोजना समन्वयक बंदना कुमारी भी उपस्थित रहीं।


