
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक संपन्न
विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक आज समाहरणालय के विमर्श सभाकक्ष में श्री अशोक चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री —सह —प्रभारी मंत्री सीतामढ़ी की अध्यक्षता में की गई। बैठक में श्री देवेश चंद्र ठाकुर माननीय सांसद सीतामढ़ी श्री श्रीमती रेखा कुमारी सदस्य बिहार विधान परिषद, माननीय विधायक सीतामढ़ी श्री मिथिलेश कुमार,माननीय विधायक रुन्नीसैदपुर पंकज मिश्रा , माननीय विधायक बेलसंड संजय गुप्ता, उपाध्यक्ष 20 सूत्री, सत्येंद्र सिंह कुशवाहा के साथ जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय,पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, डीडीसीसी मनन राम,प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा श्रीमती निशिकांत सहित अन्य पदाधिकारी तथा अन्य माननीय जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।
बैठक में जिले के शहरी क्षेत्रों में संचालित एवं प्रस्तावित विकासात्मक योजनाओं की प्रगति, बजट की स्थिति, कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियाँ एवं समाधान की दिशा में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य शहरी जीवन स्तर को बेहतर बनाना, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और योजनाओं को जनसहभागिता के साथ क्रियान्वित करना है।
बैठक में प्रमुख रूप से नगर परिषद/नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत चल रही योजनाओं जैसे – सड़क निर्माण, नाला निर्माण, पेयजल आपूर्ति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पार्कों का विकास, स्ट्रीट लाइटिंग, एवं शहरी गरीबों के लिए आवास योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई और माननीय मंत्री के द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन के निमित आवश्यक निर्देश दिए गए
माननीय मंत्री ने कहा, “सरकार की मंशा है कि प्रत्येक शहरी परिवार को बुनियादी नागरिक सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो।संचालन समिति की यह बैठक योजनाओं की प्रगति की निगरानी के लिए एक प्रभावी मंच है ।
(2)श्री अशोक चौधरी ग्रामीण कार्य मंत्री—सह—प्रभारी मंत्री सीतामढ़ी ने ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा जिले में संचालित योजनाओं की,की समीक्षा।
लंबित योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
बिहार सरकार के माननीय ग्रामीण कार्य मंत्री —सह—प्रभारी मंत्री श्री अशोक चौधरी ने आज समाहरणालय स्थित विमर्श सभाकक्ष में ग्रामीण कार्य विभाग से संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले में ग्रामीण सड़कों के निर्माण, मरम्मत, नाली एवं पुल-पुलियों से संबंधित योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
माननीय मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास योजनाओं में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि योजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और कार्य स्थल पर आवश्यक सूचना पट्ट, कार्य स्थल की स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जो योजनाएं तकनीकी कारणों से रुकी हुई हैं,इस संबंध में विशेष प्रयास कर तत्काल प्रस्तावित समाधान के साथ कार्रवाई करें तथा इसकी रिपोर्ट निर्धारित समय के भीतर प्रस्तुत करें।
माननीय मंत्री ने कहा, “ग्रामीण सड़कों का मजबूत नेटवर्क गांवों को प्रगति से जोड़ता है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव तक अच्छी सड़क पहुंचे और विकास की गति तेज हो।”
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझावों को महत्व दिया जाए और आम जनता को योजनाओं की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध कराई जाए।
माननीय मंत्री ने अधिकारियों को यह भी चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता अथवा कार्य में ढिलाई की स्थिति में व्यक्तिगत उत्तरदायित्व तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में स्थानीय सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर,अन्य
जनप्रतिनिधि गण, जिलाधिकारी रिची पांडेय,पुलिस अधीक्षक अमित रंजन डीडीसी मनन राम, संबंधित विभाग के वरीय अभियंता,कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



