
आपकी शहर, आपकी बात” कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री की सहभागिता।
नागरिक सुविधाओं की स्थिति पर लिया जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से फीडबैक।
विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी
श्री अशोक चौधरी, माननीय मंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग— सह— प्रभारी मंत्री के द्वारा आज सीतामढ़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 16, महारानी स्थान में आयोजित “आपका शहर आपकी बात” कार्यक्रम में भाग लिया गया।
बिहार सरकार द्वारा राज्य के शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आम जनता से सीधे संवाद स्थापित करने हेतु चलाए जा रहे “आपकी शहर, आपकी बात” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय मंत्री स्वयं उक्त कार्यक्रम में उपस्थित थे और उन्होंने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरतापूर्वक सुना।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में मूलभूत नागरिक सुविधाओं – जल आपूर्ति, स्वच्छता, सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सार्वजनिक सेवाओं – की उपलब्धता एवं गुणवत्ता का आकलन करना है, ताकि शासन की योजनाएं ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू की जा सकें।
प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “‘आपकी शहर, आपकी बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि यह जनता और सरकार के बीच विश्वास की एक मजबूत कड़ी है। सरकार जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध है और आम जनता से प्राप्त फीडबैक के आधार पर हर ज़रूरी कदम उठाए जाएंगे।”

उन्होंने नगर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त सुझावों और शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें तथा आगामी कार्य योजनाओं में जन अपेक्षाओं को सम्मिलित करें।
इस दौरान नागरिकों ने विभिन्न वार्डों में जल-जमाव, कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अपनी बात रखी।
प्रभारी मंत्री ने विश्वास दिलाया कि इन सभी मुद्दों का समुचित निराकरण प्राथमिकता पर किया जाएगा।

मौके पर सदस्य बिहार विधानसभा श्रीमती रेखा कुमारी,मेयर सीतामढ़ी रौनक जहां परवेज,उप मेयर आशुतोष कुमार, जिलाधिकारी श्री रिची पांडे,पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के साथ, नगर निगम के वरीय पदाधिकारी गण तथा अन्य माननीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



