सीतामढ़ी

सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पर बम की झूठी सूचना से मचा हड़कंप, तीन युवक गिरफ्तार

सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पर बम की झूठी सूचना से मचा हड़कंप, तीन युवक गिरफ्तार

 

सीतामढ़ी (कुणाल किशोर)रविवार शाम सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हनुमान मंदिर के पास बम होने की सूचना पुलिस को मिली। 112 नंबर पर एक युवक द्वारा की गई कॉल के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के बाद बम की सूचना झूठी पाई गई।

 

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अफवाह फैलाने वाले युवक मोहम्मद बशीर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को जीआरपी थाना ले जाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार, बशीर सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र के कुम्मा गांव का रहने वाला है। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, वह भागने लगा। लेकिन पीटीसी अजय कुमार, चालक इंद्रजीत कुमार और सिपाही रंगलाल ने तत्परता दिखाते हुए उसे और उसके दोनों साथियों को पकड़ लिया। एक बाइक भी जब्त की गई है, जिसकी जांच चल रही है।

 

रेल थानाध्यक्ष किंग कुंदन ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला झूठी सूचना फैलाने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसमें कोई गहरी साजिश या आतंकी एंगल तो नहीं है। युवकों के बैकग्राउंड और मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है।

 

गौरतलब है कि हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में सुरक्षा अलर्ट जारी है। इसे देखते हुए सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन और भारत-नेपाल बॉर्डर पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

 

पुलिस ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठा रहा है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button