
लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता और मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं। 27 दिसम्बर, 2020 को नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद इस पद को संभालने वाले केन्द्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में शनिवार शाम हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में खुद ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। नीतीश कुमार, बशिष्ठ नारायण सिंह, उपेन्द्र कुशवाहा, केसी त्यागी समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी।
बिहार विधान परिषद, राज्यसभा और अब तीसरी बार मुंगेर से लोकसभा पहुंचे ललन सिंह की गिनती जदयू के कद्दावर नेता के रूप में होती है। जदयू के वे पांचवें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। स्व. जार्ज फर्णांडिस, शरद यादव, नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह के बाद उन्हें पार्टी की कमान सौंपी गयी है। जदयू के संगठन के साथ ही प्रदेश की सरकार तक में महत्वपूर्ण भूमिकाओं को मजबूती से निभाया है।



