मंत्री श्री ए0के0 शर्मा ने गाजीपुर जिले में हुई विद्युत दुर्घटना का लिया त्वरित संज्ञान
घटना से लोगों की आकस्मिक मृत्यु होने एवं घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया
घटना से प्रभावित लोगों की हरसम्भव मदद करने तथा घायलों का बेहतर उपचार कराने के दिये निर्देश
लखनऊ विशाल समाचार संवाददाता
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए0के0 शर्मा ने गाजीपुर जिले के मरदह थाना के अंतर्गत नरवर गांव के किसी घर में बुधवार को सुबह एक धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन के समय हरा बांस गाड़ते समय ऊपर से जा रही हाई टेंशन लाइन के सम्पर्क आने से करंट लगने से 04 लोगों की आकस्मिक मृत्यु हो जाने और 03 लोगों के घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और पीड़ित परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
ऊर्जा मंत्री श्री ए0के0 शर्मा ने कहा है कि इस दुखद घटना की विस्तृत जांच करके आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, जिलाधिकारी गाजीपुर, जिलाधिकारी मऊ तथा एमडी विद्युत उत्पादन निगम से सम्पर्क कर घटना से प्रभावित लोगों की हरसम्भव मदद करने तथा घायलों का बेहतर उपचार कराने के निर्देश दिये।



