ईद के दूसरे दिन सारसबाग मुस्लिम नागरिकों के लिए बंद? – रिपब्लिकन युवा मोर्चा का आरोप, आयुक्त से कानूनी कार्रवाई की मांग
पुणे (डीएस तोमर)रिपब्लिकन युवा मोर्चा ने गंभीर आरोप लगाया है कि बकरी ईद के अगले दिन पुणे के सारसबाग सार्वजनिक उद्यान को मुस्लिम समुदाय के नागरिकों के लिए जानबूझकर बंद रखा गया। इस संबंध में मोर्चा के अध्यक्ष राहुल डंबाळे ने पुणे महानगरपालिका के आयुक्त नवल किशोर राम को ज्ञापन सौंपकर उद्यान विभाग प्रमुख और संबंधित अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
राहुल डंबाळे ने अपने निवेदन में कहा है कि 8 जून 2025 को, बकरी ईद के दूसरे दिन, मुस्लिम समाज के नागरिक उद्यान में आएंगे, इस आशंका के चलते धार्मिक ध्रुवीकरण की मंशा से सारसबाग उद्यान बंद किया गया। यह भारतीय संविधान के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के खिलाफ है और सार्वजनिक स्थल पर धार्मिक भेदभाव कर नागरिकों का प्रवेश रोकना गंभीर मामला है।
इस घटना से मुस्लिम समाज में नाराजगी का माहौल है और पुणे महानगरपालिका के इस निर्णय के विरोध में विभिन्न संगठनों ने आवाज उठानी शुरू कर दी है। रिपब्लिकन युवा मोर्चा ने इस मामले की तत्काल जांच कर संबंधित अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुणे महानगरपालिका के अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि सार्वजनिक उद्यान में किसी भी धर्म के नागरिकों को प्रवेश से रोकना अन्यायपूर्ण है।



