अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना: पुणे जिला केंद्रीय बैंक ने 1.08 लाख से अधिक किसानों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
113 मृत किसानों के वारिस दर्ज न होने और 29 पात्र किसानों के आधार नंबर उपलब्ध न होने से उनका डेटा अपलोड नहीं हो सका
पुणे। महाराष्ट्र सरकार की ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026’ के तहत पुणे जिला केंद्रीय सहकारी बैंक ने जिले के 1 लाख 8 हजार 41 बकाया ऋणधारक किसानों का विवरण पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। यह जानकारी पुणे ग्रामीण सहकारी संस्था के जिला उपनिबंधक प्रकाश जगताप ने दी। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक राहत देना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और कृषि क्षेत्र को नई ऊर्जा प्रदान करना है।
जिला उपनिबंधक कार्यालय के निर्देश पर बैंक ने सभी पात्र ऋण खाताधारकों की जानकारी समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपलोड की है। अपलोड किए गए लाभार्थियों में सबसे अधिक 19,562 किसान दौंड, 18,818 इंदापुर, 13,728 बारामती, 8,452 शिरूर, 7,903 पुरंदर, 7,853 खेड, 7,778 जुन्नर, 7,242 भोर, 5,172 मावल, 4,168 हवेली, 3,390 आंबेगांव, 2,387 मुलशी तथा 1,888 वेल्हा तालुका के किसान शामिल हैं।
श्री जगताप ने बताया कि जिले के 113 पात्र किसान दिवंगत होने तथा उनके वारिसों का नाम दर्ज नहीं होने के कारण उनकी जानकारी पोर्टल पर अपलोड नहीं की जा सकी। इसके अलावा 29 पात्र किसानों के आधार नंबर उपलब्ध न होने से उनका विवरण भी अपलोड नहीं हो पाया। उन्होंने संबंधित वारिसों से जल्द वारिस दर्ज कराने और पात्र किसानों से आधार नंबर उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।



