सीतामढ़ी

महिला थाना सीतामढ़ी में एसपी की औचक छापेमारी, लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई, प्रशासन की खुली पोल सूत्रों का दावा 

महिला थाना सीतामढ़ी में एसपी की औचक छापेमारी, लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई, प्रशासन की खुली पोल सूत्रों का दावा 

सीतामढ़ी, विशाल समाचार संवाददाता 

महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक दावों की हकीकत तब उजागर हो गई, जब मंगलवार रात सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने महिला थाना में अचानक छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान थाने का पूरा स्टाफ गहरी नींद में मिला, जबकि ओ०डी० ड्यूटी पर तैनात सहायक अवर निरीक्षक रंजु कुमारी थाना से नदारद थीं। एसपी ने मौके पर ही रंजु कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

 

एक अन्य सूत्र ने बताया कि छापेमारी के दौरान महिला थानाध्यक्ष श्वेता स्वराज भी हड़बड़ाहट में वर्दी पहनना तक भूल गईं। एसपी ने थानाध्यक्ष को कर्तव्यहीनता, नियंत्रणहीनता और लापरवाही के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिसमें 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब संतोषजनक न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय मानी जा रही है।

 

सूत्रों का दावा है कि जिले में प्रशासन की लापरवाही आम हो गई है और आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता की सुरक्षा और भरोसे पर असर पड़ रहा है। महिला थाना, जिसे महिला सुरक्षा की पहली चौकी माना जाता है, वहां की इस लापरवाही ने पुलिस की कार्यसंस्कृति और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि इसी रात कोई पीड़िता फरियाद लेकर आती, तो उसकी सुनवाई कौन करता?

 

एसपी अमित रंजन की यह कार्रवाई सिर्फ औचक निरीक्षण नहीं, बल्कि थाना व्यवस्था में जमी निष्क्रियता और गैर जवाबदेही के खिलाफ एक सर्जिकल स्ट्राइक मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जिले के अन्य थानों को भी अब सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस थानों में सुस्ती, अनदेखी और जिम्मेदारी से भागना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button