सीतामढ़ी

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर सीतामढ़ी में चला जागरूकता का महाअभियान

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर सीतामढ़ी में चला जागरूकता का महाअभियान

जिलाधिकारी ने लिया 15 अगस्त तक जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने का संकल्प

 

सीतामढ़ी कुणाल किशोर संवाददाता

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर श्रम संसाधन विभाग द्वारा सुंदरी रमावतार उच्च विद्यालय, बरियारपुर के सभागार में एक दिवसीय ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण शिविर सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाल श्रम एक सामाजिक कुरीति है, जिसे जड़ से मिटाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

15 अगस्त तक बाल श्रम मुक्त सीतामढ़ी का लक्ष्य

जिलाधिकारी ने परसौनी प्रखंड को बाल श्रम मुक्त बनाए जाने पर टीम को बधाई दी और कहा कि अब लक्ष्य 15 अगस्त तक पूरे सीतामढ़ी जिले को बाल श्रम से मुक्त घोषित करना है। उन्होंने बेटा-बेटी में भेदभाव न करने और बच्चों को शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। डीएम ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 39 का हवाला देते हुए बच्चों को सम्मानजनक, स्वस्थ और स्वतंत्र वातावरण में विकसित होने का अधिकार बताया।

 

जागरूकता रथ और हस्ताक्षर अभियान

 

डीएम रिची पांडेय ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो शहर में लोगों को बाल श्रम के खिलाफ जागरूक करेगा। साथ ही हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कर बाल श्रम के विरुद्ध जन समर्थन को मजबूत किया गया। सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया।

 

पेंटिंग प्रतियोगिता एवं प्रोत्साहन राशि

 

बाल श्रम निषेध विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली एमआरडी की बालिकाओं को जिलाधिकारी ने ट्रॉफी, मेडल और स्टेशनरी देकर सम्मानित किया। वहीं, बाल श्रम से मुक्त हुए बच्चों को 3000 रुपये की तत्काल सहायता राशि दी गई।

 

उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र

 

बाल श्रम उन्मूलन में विशेष योगदान के लिए श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, प्रथम संस्था के जिला समन्वयक श्री सुधीर कुमार और अदिथी संस्था को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

 

श्रम अधीक्षक ने दी योजनाओं की जानकारी

 

श्रम अधीक्षक रमाकांत ने मजदूरों को बिहार शताब्दी असंगठित कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना, न्यूनतम मजदूरी और निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रौशन कुमार सिंह ने किया।

 

सैकड़ों श्रमिकों की सहभागिता

 

इस कार्यक्रम में सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और जिले के सभी पंचायतों से आए सैकड़ों श्रमिक उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button