
प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में पुणे जिला को राज्य में प्रथम स्थान पर लाने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करे – डॉ. अशोक वुईके, मंत्री, आदिवासी विकास विभाग
पुणे: आदिवासी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण हेतु प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान पूरे राज्य में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान की प्रभावी क्रियान्वयन कर पुणे जिले को राज्य में प्रथम स्थान पर लाने के लिए प्रशासन को गंभीरता से प्रयास करना चाहिए। यह कार्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर किया जाए, ऐसा निर्देश आदिवासी विकास मंत्री डॉ. अशोक वुईके ने दिया।
वे पुणे जिलाधिकारी कार्यालय में प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय अभियान एवं धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। बैठक में विधायक उमा खापरे, दिलीप वळसे पाटील, सुनील शेळके, बापूसाहेब पठारे, शंकर मांडेकर, आदिवासी विकास आयुक्त लीना बनसोड, विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील, अपर आयुक्त गोपीचंद कदम, प्रकल्प अधिकारी प्रदीप देसाई सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
डॉ. वुईके ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में आदिवासी समाज का महत्वपूर्ण योगदान है। इस अभियान के अंतर्गत 30 जून तक 25 योजनाएं 17 विभागों के माध्यम से लागू की जा रही हैं। पुणे जिले के 99 ग्रामों का चयन किया गया है, जहां पात्र नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने हेतु ग्रामवार कार्ययोजना तैयार कर, 15 अगस्त को ग्रामसभाओं में मंजूरी दी जाएगी।
उन्होंने पुणे शहर में आदिवासी विद्यार्थियों के लिए आधुनिक छात्रावास हेतु जमीन उपलब्ध कराने, पारधी समाज के विद्यार्थियों के आधार कार्ड पंजीकरण, कातकरी समाज के बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने तथा आदिवासी समाज को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने पर जोर दिया।
बैठक में विधायकगणों ने भी आदिवासी समाज के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग की। जिलाधिकारी श्री डुडी ने अभियान की प्रगति बताते हुए कहा कि जनजातीय न्याय अभियान के अंतर्गत 101 शिविरों में 1,441 आधार कार्ड, 485 किसान सम्मान निधि, 13,486 जाति प्रमाणपत्र, 138 उज्ज्वला योजना गैस कनेक्शन, 971 जनधन खाते, 427 आयुष्मान कार्ड, 11,170 राशन कार्ड वितरित किए गए हैं।

धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत अब तक 31 किसान सम्मान निधि, 27 जनधन लाभ, 214 आधार कार्ड, 101 जाति प्रमाणपत्र, 53 आयुष्मान कार्ड, 159 राशन कार्ड, 21 निवास प्रमाणपत्र और 9 किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर डॉ. वुईके ने योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए और कातकरी समाज के लोगों को वनहक अधिकार दिए। भिमाशंकर के निगडाळे गांव में राइस मिल का उद्घाटन भी किया गया। साथ ही आदिवासी आश्रमशालाओं में केईएम अस्पताल के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार हेतु समन्वय स्थापित किया गया।

