
जिले में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने को लेकर सीतामढ़ी पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है
ब्यूरो विशाल समाचार सीतामढ़ी
जिले में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने को लेकर सीतामढ़ी पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के नेतृत्व में तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत न्यायालय से निर्गत कुर्की, इश्तेहार और वारंट की तामिला सुनिश्चित कराई गई। जिले के सभी थानाध्यक्षों, अंचल निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान जिले भर में 289 वारंट, 73 इश्तेहार और 45 कुर्की की कार्रवाई की गई। आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक वारंट सीतामढ़ी नगर थाना क्षेत्र में 44 निष्पादित किए गए। इसके अलावा कन्हौली और भूतही से 23-23, पुनौरा और मेहसौल से 18-18, तथा डुमरा से 19 वारंट निष्पादित हुए। इश्तेहार की बात करें तो मेहसौल थाना क्षेत्र इस मामले में सबसे आगे रहा, जहां कुल 18 इश्तेहार तामिल किए गए। सीतामढ़ी नगर थाना (11) और सबसे कम रीगा थाना का रहा सिर्फ (9) इश्तेहार निष्पादन की उल्लेखनीय कार्रवाई की गई। कुर्की मामलों में भूतही थाना सबसे आगे रहा, जहां 10 कुर्की की कार्रवाई हुई। इसके अलावा रून्नीसैदपुर से 7, रीगा से 4, और सबसे कम सीतामढ़ी नगर व मेजरगंज से 2-2 कुर्की निष्पादित की गई। अभियान की सफलता के पीछे पुलिस की सतर्कता, रणनीतिक तैयारी और तालमेल का बड़ा योगदान रहा। यह विशेष मुहिम पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट दिशा-निर्देशों और न्यायालय से प्राप्त आदेशों के आलोक में चलाई गई थी।सीतामढ़ी पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह मुहिम भविष्य में भी जारी रहेगी। पुलिस पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कार्य कर रही है।



