पूणे

मंडई म्हसोबा ट्रस्ट भूषण पुरस्कारों की घोषणा : श्रीनिवास जोशी, सविता मालपेकर, योगी निरंजननाथ होंगे सम्मानित

मंडई म्हसोबा ट्रस्ट भूषण पुरस्कारों की घोषणा : श्रीनिवास जोशी, सविता मालपेकर, योगी निरंजननाथ होंगे सम्मानित

 

पुणे:  अखिल म्हसोबा उत्सव मंडई ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष 22 से 26 जुलाई 2025 के दौरान मंडई, बुरुड आळी (पुणे) में म्हसोबा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को म्हसोबा ट्रस्ट भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इस वर्ष संगीत भूषण पुरस्कार प्रसिद्ध गायक श्रीनिवास भीमसेन जोशी को, कला भूषण पुरस्कार वरिष्ठ अभिनेत्री सविता मालपेकर को, धार्मिक भूषण पुरस्कार श्री ज्ञानेश्वर महाराज संस्थान आळंदी के प्रमुख विश्वस्त योगी निरंजननाथ को प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा पत्रकारिता भूषण पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार व संपादक आनंद अग्रवाल को, व्यापार भूषण पुरस्कार चितळे बंधू के संचालक संजय चितळे को तथा उद्योग भूषण पुरस्कार आर.डी. डेव्हलपर्स के निलेश भिंताडे को दिया जाएगा।

यह जानकारी ट्रस्ट के उपाध्यक्ष निवृत्ती जाधव ने पत्रकार वार्ता में दी। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष राहुल सूर्यवंशी, सारिका निंबाळकर व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पुरस्कार स्वरूप में मानपत्र, स्मृतिचिन्ह, फलप्रदाय, महावस्त्र व श्रीफल प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार, 26 जुलाई को दोपहर 1 बजे मंडई बुरुड आळी स्थित मंदिर प्रांगण में होगा। कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार की राज्य मंत्री माधुरी मिसाळ एवं सांसद मेधा कुलकर्णी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगी।

इसी दिन दोपहर 12 बजे “होम मिनिस्टर – खेळ पैठणीचा व चालता बोलता” कार्यक्रम का आयोजन महिलाओं के लिए होगा, जिसमें कुल 2 लाख 50 हजार रुपये के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

उत्सव का उद्घाटन मंगलवार, 22 जुलाई को शाम 7 बजे पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के हाथों संपन्न होगा। उद्घाटन अवसर पर सदाशिव पेठ स्थित पुणे विद्यार्थी गृह, महाराष्ट्र विद्यालय के 500 जरूरतमंद छात्रों को 1 लाख 25 हजार रुपये मूल्य की शैक्षणिक सामग्री एवं भोजन दिया जाएगा।

सामाजिक सेवा कार्यक्रमों की झलक :

23 जुलाई : सारथ्य फाउंडेशन, विवेकानंद केंद्र एवं आनंदग्राम गुरुकुल निमगांव को 51 हजार रुपये आर्थिक सहायता एवं भोजन कार्यक्रम।

25 जुलाई : दिव्यांग प्रतिष्ठान चिंचवडगांव, यशस्वी महिला संस्था, साईगुरु सेवा संस्था न.हे एवं सुकन्या अंध कन्या आश्रम को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता।

दीप अमावस्या पर 1100 दीपों से दीपोत्सव

गुरुवार, 24 जुलाई को सायं 7 बजे दीप अमावस्या के अवसर पर मंदिर परिसर में 1100 दीपों से दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर पूज्य कालीचरण महाराज (कालीपुत्र) की उपस्थिति रहेगी। रंगीन घूमते दीप व फूलों की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

उत्सव का समापन

उत्सव का समापन शनिवार, 26 जुलाई को सायं 7 बजे सद्गुरु बाळूमामा देवालय आदमापूर के पूज्य कृष्णा डोणे महाराज (वाघापुरे) के हाथों महाआरती से किया जाएगा।

उत्सव में प्रतिदिन अन्नदान सेवा, प्रातःकालीन रुद्राभिषेक व याग, दोपहर में भजन मंडलियों की प्रस्तुतियाँ एवं ढोल-ताशा वादन जैसी धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

प्रमुख अतिथियों में शामिल होंगे

राज्य मंत्री योगेश कदम, मंत्री आदिती तटकरे, मंत्री दत्तात्रय भरणे, भीमाशंकर देवस्थान अध्यक्ष अ‍ॅड. सुरेश कौदरे, जेजुरी देवस्थान के डॉ. राजेंद्र खेडेकर, मंदिर महासमिति के गिरीश कुलकर्णी, एंटी नारकोटिक्स फोर्स के डीआईजी प्रविणकुमार पाटील, पुणे के सहपुलिस आयुक्त रंजनकुमार शर्मा, अ‍ॅड. सुषमा अंधारे, कोहिनूर ग्रुप के चेयरमैन कृष्णकुमार गोयल, सुहाना मसाले के विशाल चोरडिया, रांका ज्वेलर्स के फत्तेचंद रांका, पीएनजी ज्वेलर्स के पराग गाडगीळ, रमणशेठ लुंकड, शिवसेना नेत्या दिपाली सय्यद सहित कला क्षेत्र की कई जानीमानी हस्तियाँ इस आयोजन की शोभा बढ़ाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button