निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर कई कर्मियों पर कार्रवाई, बीएलओ और आंगनबाड़ी सेविकाएं चयनमुक्त
ब्यूरो विशाल समाचार सीतामढ़ी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पाण्डेय के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले कई पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की गई है।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी परिहार–सह–उप विकास आयुक्त सीतामढ़ी श्री संदीप कुमार द्वारा, निर्वाचन कार्य में शिथिलता एवं वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना के आरोप में श्री सोनेलाल पासवान, शिक्षक (भाग संख्या 80, प्रखंड सोनबरसा) के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही चयनमुक्त करने एवं विभागीय कार्रवाई हेतु निर्देश भी जारी किया गया है। इस निर्देश के आलोक में शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित बीएलओ पर कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी के रूप में कार्यरत आंगनबाड़ी सेविकाएं–
श्रीमती शोभा देवी (भाग संख्या 25, प्रखंड सोनबरसा)
श्रीमती नीतू कुमारी (भाग संख्या 78, प्रखंड सोनबरसा)
श्रीमती रेजा देवी (भाग संख्या 84, प्रखंड सोनबरसा)
के विरुद्ध भी कार्य में लापरवाही के आरोप में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) को निर्देश दिया गया है कि नियमानुसार चयनमुक्त करने की कार्रवाई की जाए।
डुमरा प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के दौरान, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा श्री अजय कुमार द्वारा डाटा अपलोडिंग की मॉनिटरिंग न करने, बैठक एवं कार्यालय उपस्थिति में अनुपस्थित रहने एवं निदेशों की अवहेलना के कारण निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सीतामढ़ी–सह–अनुमंडल पदाधिकारी सीतामढ़ी सदर श्री आनंद कुमार ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 32 के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की है।
मतदान केंद्र संख्या 193 की पदाधिकारी श्रीमती सीता कुमारी एवं केंद्र संख्या 277 की श्रीमती वीणा देवी द्वारा कार्य के प्रति उदासीनता एवं आदेशों की अवहेलना पर संबंधित पदाधिकारी को अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी रीगा विधानसभा क्षेत्र–सह–भूमि सुधार उप समाहर्ता सीतामढ़ी श्री अमित राज द्वारा मतदान केंद्र संख्या 322 की श्रीमती फूल कुमारी देवी एवं केंद्र संख्या 323 की श्रीमती रीमा देवी के विरुद्ध भी लापरवाही एवं आदेश की अनदेखी के कारण अनुशासनिक कार्रवाई हेतु संस्तुति की गई है।



