
‘CM’ के मुख्य सलाहकार के रूप में कौस्तुभ धावसे की नियुक्ति
पुणे: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विशेष कार्य अधिकारी रहे कौस्तुभ धवसे को अब राज्य सरकार के मुख्य निवेश और नीति सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत तात्कालिक प्रभाव से लागू हो गई है।
धवसे को चार प्रमुख क्षेत्रों में राज्य की रणनीतिक दिशा की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। वे अब निवेश प्रोत्साहन एवं नीति निर्माण, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश सुविधा, बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं के ‘वॉर रूम’ समन्वय और बड़े पैमाने पर आईटी उपकमो के कार्यान्वयन की प्रमुख जिम्मेद्दारी संभलेंगे।
उनकी नियुक्ति वैश्विक निवेश आकर्षित करने, बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं को तेज़ी से लागू करने और डिजिटल युग में प्रशासन में बदलाव लाने के राज्य सरकार के प्रयासों को और तेज़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री की नीति परिषद के एक विश्वसनीय सदस्य के रूप में धवसे की नियुक्ति राज्य के आर्थिक विकास को एक नया आयाम देने में सहायक होगी।
धवसे को रणनीति, परामर्श और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दो दशकों से अधिक का अनुभव है और उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में काम करने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद, एस. पी. जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए किया। उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय के जॉन एफ. कैनेडी स्कूल ऑफ गवर्नमेंट से लोक नीति में स्नातकोत्तर की उपाधि भी प्राप्त की।
“यह नई ज़िम्मेदारी मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं महाराष्ट्र की प्रगति के लिए वैश्विक साझेदारियों, रणनीतिक निवेश और परिवर्तनकारी आईटी परियोजनाओं के लिए प्रतिबद्ध हूँ। मैं इस ज़िम्मेदारी के लिए माननीय देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त करता हूँ।”
– कौस्तुभ धवसे, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार (निवेश एवं नीति)

