
“शहर की स्वच्छता सर्वोपरि, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त” – जिलाधिकारी रिची पांडेय
सीतामढ़ी कुणाल किशोर: जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में नगर निगम सीतामढ़ी सहित सभी नगर निकायों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, जलजमाव की समस्या का समाधान करना तथा अवैध अतिक्रमण को प्रभावी ढंग से हटाना था।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को साफ शब्दों में निर्देश दिया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर आयुक्त को कहा कि सफाई कार्यों में संसाधनों की संख्या एवं दक्षता दोनों में वृद्धि सुनिश्चित की जाए। यदि शहर में किसी भी क्षेत्र में गंदगी पाई जाती है तो वहां के संबंधित सफाई निरीक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह आवश्यक है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि नालों की नियमित सफाई हो, नाला निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो और कहीं भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही, सड़कों की स्थिति सुधारने, अतिक्रमण हटाने एवं आम जनता को मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु चल रही योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश भी उन्होंने नगर आयुक्त को दिया।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अवैध अतिक्रमण शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है। इसलिए संबंधित अंचलों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
बैठक में नगर आयुक्त श्री प्रमोद कुमार पांडेय, जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री कमल सिंह, नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी, विभिन्न वार्डों के सफाई निरीक्षक तथा अन्य नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहरी जीवन के लिए वे अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध और प्रभावी निर्वहन करें।



