
महात्मा फुले वाडा और सावित्रीबाई फुले स्मारक का होगा विस्तार — भूसंपादन कार्य तेज़ करने के निर्देश
पुणे: राज्य सरकार ने ‘महात्मा फुले वाडा और क्रांतीज्योती सावित्रीबाई फुले स्मारक’ के एकत्रीकरण और विस्तारीकरण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए आरक्षित ज़मीन का भूसंपादन कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश राज्य के अन्न व नागरी पुरवठा मंत्री छगन भुजबळ ने दिए हैं।
भुजबळ बुधवार को भिडेवाडा स्थित महात्मा फुले वाडा स्थल का दौरा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। मौके पर अतिरिक्त महापालिका आयुक्त एम. जे. प्रदीप चंद्रन, उपायुक्त अविनाश संकपाळ, सहायक आयुक्त किसन दगडखैर, भूसंपादन उपायुक्त वसुंधरा बारवे, अधीक्षण अभियंता रोहिदास गव्हाणे व राजेश बनकर सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
भुजबळ ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी स्मारक परियोजना के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है, जिसमें से 100 करोड़ रुपये की राशि पुणे महानगरपालिका को पहले ही हस्तांतरित की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मारक निर्माण के दौरान अखिल भारतीय महात्मा फुले समता परिषद की सुझवों पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा।
उन्होंने भिडेवाडा में चल रहे राष्ट्रीय स्मारक निर्माण कार्य और स्मारक में लगाई जाने वाली खिड़कियों की गुणवत्ता की समीक्षा की और अधिकारियों को दर्जेदार निर्माण करने के निर्देश दिए।
महानगरपालिका आयुक्त प्रदीप चंद्रन ने बताया कि स्मारक से लगे आरक्षित क्षेत्र के तहत 119 सिटी सर्वे नंबरों में आने वाले 624 मालिकों, 358 किरायेदारों और 36 झोपड़ियों का सर्वे किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भूसंपादन कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा।
–

