
कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने किया वीरता का स्मरण, बच्चों में भरा देशभक्ति का जज़्बा
सीतामढ़ी, कुणाल किशोर संवाददाता
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संगठन सीतामढ़ी द्वारा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में बसवरिया स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के प्रांगण में बच्चों एवं शिक्षकों के साथ प्रेरणास्पद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सूबेदार मेजर रामबाबू महतो ने की एवं संचालन संगठन की युवा टीम के संयोजक अग्नेय कुमार ने किया। शहीद मेजर चन्द्रभूषण द्विवेदी के तैलचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर तथा राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
पूर्व सैनिकों ने बच्चों को बताया कि कैसे विषम परिस्थितियों और दुर्गम ऊंचे पहाड़ों में भारतीय जवानों ने अदम्य साहस व शौर्य का परिचय देते हुए कारगिल युद्ध में दुश्मनों को पराजित किया और मातृभूमि की रक्षा की। इस युद्ध में शिवहर जिले के चंडीहा निवासी मेजर चन्द्रभूषण द्विवेदी ने भी दुश्मनों से लड़ते हुए वीरगति प्राप्त की थी। भारतीय सेना के पराक्रम की गाथा सुनकर छात्र-छात्राएं रोमांचित हो उठे।

विद्यालय के डायरेक्टर पंकज कुमार झा, शिक्षिका मंजू, स्नेहा, सोनम एवं शिक्षक अमरेंद्र, निखिल, अजीत को संगठन की ओर से डॉ. प्रतिमा आनंद एवं सूबेदार लक्ष्मी प्रसाद द्वारा तिरंगा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
संगठन के जिला कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व सैनिक अनिल कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि कारगिल युद्ध में बिहार के जवानों का अहम और अमर योगदान रहा। इस लड़ाई में सर्वप्रथम बिहार रेजिमेंट के जवानों ने ही मोर्चा संभाला था। सीतामढ़ी जिले के दर्जनों जवान युद्ध में सम्मिलित थे, जिनमें वे स्वयं भी शामिल रहे। उन्होंने कहा कि समूचे देशवासियों ने उस समय एकजुटता का परिचय देते हुए भारतीय सेना का उत्साहवर्धन किया था, जिसका परिणाम यह हुआ कि हमारी सेना ने विजय प्राप्त की।
उन्होंने चिंता व्यक्त की कि कारगिल युद्ध में शहीद हुए 500 से अधिक जवानों और अनेकों घायल सैनिकों के परिवारों के प्रति सरकार की उदासीनता अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी जिले में स्थित शहीद स्मारक स्थलों की हालत बेहद खराब है और जनप्रतिनिधि इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विद्यालय परिवार की ओर से डायरेक्टर पंकज कुमार झा ने पूर्व सैनिकों का स्वागत-सत्कार करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों द्वारा बच्चों के बीच इस प्रकार का आयोजन एक अनूठी पहल है, जिससे बच्चों को वीरता, देशभक्ति और सेना के शौर्य को जानने व समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर महिला विंग की अध्यक्ष सावित्री प्रसाद, सचिव नीरा गुप्ता, पूर्व सैनिक वीरेंद्र यादव, विद्यालय के अमित, विकास, अंकित, मोहम्मद जूविन, छात्राएं वर्षा, सुमैया समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम पूरे उत्साह, श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ, जिसने नई पीढ़ी को सैन्य बलिदान और देश सेवा के प्रति जागरूक किया।



