
इटावा में कौशल विकास मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न, युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देने पर बल
इटावा (शिवराज सिंह राजपूत):कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजकीय आई.टी.आई. इटावा एवं जसवंतनगर को पूर्ण रूप से संचालित कर प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सशक्त बनाया जाए, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जीरो पॉवर्टी श्रेणी के पात्र युवाओं को प्राथमिकता देते हुए सही एवं पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक बच्चों का पंजीकरण कराया जाए और उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, जिससे उन्हें आजीविका का सशक्त साधन मिल सके। उन्होंने “प्रवीन योजना” के तहत बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा इच्छुक छात्रों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, जिला उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाएं, एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि चयनित लाभार्थियों को ही योजना से जोड़ते हुए प्रमाणित प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आर.सी.टी. (RCT) के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित हों तथा ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का ग्राम प्रधानों द्वारा सत्यापन कराकर समयबद्ध रूप से भेजने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विनय कुमार, समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती संध्या रानी बघेल, अधिशासी अभियन्ता नगर पालिका परिषद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



