
उपकारा बाढ़ में “मध्यस्थता – समय की जरूरत” विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पटना, विशाल समाचार: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना की सचिव श्रीमती पल्लवी आनंद के निर्देश पर उपकारा बाढ़ में “मध्यस्थता – समय की जरूरत” विषय पर एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता श्री संतोष कुमार ने बंदियों को संबोधित करते हुए बताया कि आज के समय में गुस्से और जल्दबाजी के कारण छोटे-छोटे विवाद थाने और न्यायालय तक पहुँच रहे हैं, जिससे समय, धन और मानसिक शांति की हानि हो रही है। ऐसे विवादों का समाधान मध्यस्थता के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मध्यस्थता से विवाद शीघ्र समाप्त हो जाते हैं, न्यायालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ता, और दोनों पक्षों की सहमति से समाधान होने के कारण कोई अपील शेष नहीं रहती। साथ ही, यह सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और न्यायालयों पर बढ़ते बोझ को कम करने में भी सहायक है।

लॉ फाउंडेशन की ओर से उपस्थित शालिनी ने कहा कि मध्यस्थता बिना किसी दबाव के, शांतिपूर्ण वातावरण में, दोनों पक्षों की सहमति से विवाद समाधान का माध्यम है। कार्यक्रम में सहायक अधीक्षक श्रीमती फरहत प्रवीण ने विवादों से उत्पन्न सामाजिक एवं व्यक्तिगत हानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कारा प्रशासन, अधिवक्ता लक्ष्मी, प्रवीण कुमार सहित अनेक बंदी उपस्थित रहे।



