कलेक्टर मऊगंज ने दो आदतन अपराधियों को दिया जिला बदर का नोटिस
मऊगंज राजू उर्फ अनिल सिंह: . कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मऊगंज संजय कुमार जैन ने दो आदतन अपराधियों को मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 के तहत कारण बताओ नोटिस दिया है। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक मऊगंज दिलीप सोनी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर दो आदतन अपराधियों को 14 अगस्त को जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में उपस्थित होने का नोटिस दिया है। कलेक्टर ने आदतन अपराधी अच्छेलाल साहू आयु 25 वर्ष पिता चन्द्रबली साहू निवासी ग्राम घोघम थाना हनुमना को नोटिस दिया है। अच्छेलाल साहू के विरूद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में मारपीट, चोरी, लोगों को डराने-धमकाने, सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने, शराब के अवैध व्यापार सहित भारतीय दण्ड विधान एवं मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के तहत कुल 15 प्रकरण दर्ज हैं। इसी तरह हिमांशु गुप्ता आयु 29 वर्ष पिता राजकुमार गुप्ता निवासी वार्ड क्रमांक चार अमहा वासुदेव हनुमना को भी नोटिस दिया गया है। हिमांशु गुप्ता पर मारपीट, डराने-धमकाने, गाली-गलौज सहित कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आदतन अपराधी को 14 अगस्त को दोपहर एक बजे जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।


