पूणे

सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का करें तात्कालिक समाधान – शेरसिंग डागोर

सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का करें तात्कालिक समाधान – शेरसिंग डागोर

विशाल समाचार संवाददाता पुणे

पुणे: राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री शेरसिंग डागोर की अध्यक्षता में आज पुणे जिलाधिकारी कार्यालय में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, उनके पुनर्वसन और “हाथ से मैला उठाने की प्रथा की रोकथाम एवं पुनर्वसन अधिनियम 2013” की प्रभावी अमलवारी को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

 

बैठक में श्री डागोर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुणे जिले के सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का तात्कालिक समाधान सुनिश्चित किया जाए और उन्हें आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि केवल पुणे या पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिकाओं तक ही सीमित न रहते हुए बार्टी (डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर संशोधन व प्रशिक्षण संस्था) द्वारा जारी परिपत्र सभी नगर निकायों और जिलों पर लागू किए जाएं, ताकि राज्य के हर सफाई कर्मचारी को योजनाओं का लाभ मिल सके।

 

श्री डागोर ने सुझाव दिया कि नागपुर महानगरपालिका की तर्ज पर पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में भी समावेशी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे लोकोपयोगी योजनाएं व सहायता सामग्री प्रभावी रूप से सफाई कर्मचारियों तक पहुँच सके। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रत्येक माह जिला स्तरीय समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए।

 

बैठक में पुणे महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त श्री पी. प्रदीप, बार्टी के महासंचालक श्री सुनील वारे, निवासी उपजिलाधिकारी श्रीमती ज्योति कदम, समाज कल्याण विभाग, जिला परिषद, ससून अस्पताल, जिला अस्पताल, पिंपरी चिंचवड़ महानगरपालिका के अधिकारी व कर्मचारी तथा जिला स्तरीय समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर श्रीमती ज्योति कदम ने भी आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों व आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, और प्रत्येक माह जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक लेकर अधिकाधिक समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button