
माता जानकी जन्मभूमि पुनौरा धाम मंदिर निर्माण एवं समग्र विकास शिलान्यास कार्यक्रम को मिली ऐतिहासिक सफलता — विशाल समाचार की ग्राउंड रिपोर्ट में प्रशासन को पूर्ण श्रेय
राष्ट्रीय टीम विशाल समाचार ग्राउंड रिपोर्ट
पटना/सीतामढ़ी: माता जानकी जन्मभूमि पुनौरा धाम के भव्य मंदिर निर्माण एवं मंदिर परिसर के समग्र विकास का शिलान्यास 08 अगस्त को माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, भारत सरकार, श्री अमित शाह एवं माननीय मुख्यमंत्री, बिहार, श्री नीतीश कुमार के कर-कमलों से सम्पन्न हुआ। यह ऐतिहासिक और शांतिपूर्ण आयोजन अभूतपूर्व सफलता के साथ संपन्न हुआ, जिसकी पूरे जिले में और राज्यभर में प्रशासन की व्यापक सराहना हो रही है।
विशाल समाचार की राष्ट्रीय स्तर की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, यह आयोजन प्रशासनिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। जिले के नागरिकों से लेकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित मीडिया हाउसों ने भी इसकी खुलकर तारीफ़ की। स्थानीय मीडिया ने इसे ‘सीतामढ़ी की गौरवगाथा’ बताया है।
रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि मात्र कुछेक व्यक्ति — जिनकी संख्या नगण्य है — अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं, जिनमें से अधिकतर के पास मीडिया हाउस का वैध पंजीकरण तक नहीं है। वहीं, सीतामढ़ी जिला प्रेस क्लब जैसे मान्यता प्राप्त संगठन ने इस आयोजन पर किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं की है। यह तथ्य अपने आप में स्पष्ट संकेत है कि विरोध करने वालों का उद्देश्य रचनात्मक नहीं, बल्कि माहौल बिगाड़ने का हो सकता है, जो सीधे-सीधे प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने जैसा है।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने विशाल समाचार को बताया —

> “जिला प्रशासन और जनसंपर्क कार्यालय ने हर स्तर पर मीडिया को पूर्ण सहयोग दिया और कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। यह आयोजन न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य और देश के लिए गौरव का विषय है। इसके माध्यम से सीतामढ़ी को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।*
सीतामढ़ी के वरिष्ठ पत्रकारों ने भी प्रशासन की तत्परता और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन ने जिले की छवि को नई ऊँचाई दी है। जनता ने भी प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को ‘बेहतर से बेहतर’ बताया।
इस स्थिति में, एक संगठन द्वारा 12 अगस्त को जारी वह पत्र — जिसमें एक कर्मठ पदाधिकारी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया — पूरी तरह निराधार और निंदनीय है। विशाल समाचार इस पत्र को सिरे से खारिज करता है और इसे प्रशासन के विरुद्ध एक असफल साजिश मानता है।
जिले के युवा, ऊर्जावान और कुशल जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय और उनकी टीम के प्रयासों की जितनी भी प्रशंसा की जाए, वह कम है। राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयास से सीतामढ़ी अब पर्यटन के मानचित्र पर सशक्त पहचान बनाएगा, जिससे न केवल स्थानीय रोजगार बढ़ेगा, बल्कि जिले की समृद्धि में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।



