
स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न सामाजिक उपक्रमों का आयोजन
रिपोर्ट डीएस तोमर पुणे
पुणे: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 15 अगस्त 2025 को पवित्रम् फाउंडेशन की ओर से भारत माता और स्वतंत्रता सेनानियों को अभिवादन किया जाएगा। इसके साथ ही युद्ध में वीरता का प्रदर्शन करने वाले सैनिकों तथा शहीद सैनिकों की पत्नियों का सम्मान भी किया जाएगा।
यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मयूर कॉलोनी स्थित बालशिक्षण मंदिर के प्रांगण में आयोजित होगा। इस बारे में जानकारी पवित्रम् फाउंडेशन के पदाधिकारी किशोर सरपोतदार, तुषार कुलकर्णी, राजेश तोळबंदे और सारंग देव ने आज (12 अगस्त) आयोजित पत्रकार परिषद में दी।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में इस अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मराठी व्यवसायियों के लिए शुरू किए जा रहे पवित्रम् फाउंडेशन की उद्देशिका, कार्ययोजना और समाजोपयोगी प्रकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी।
फाउंडेशन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत व्यवसायियों को एक मंच उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्र में सफलता के साथ-साथ समाजसेवा में भी योगदान दे सकें। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयत्न है कि समाज के प्रति अपना ऋण चुकाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। उनके हस्ते भारत माता पूजन, स्वतंत्रता सेनानियों का सत्कार और शौर्य पदक प्राप्त सैनिकों का अभिनंदन किया जाएगा। आयोजन समिति ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित रहकर इस ऐतिहासिक दिन को गौरवपूर्ण बनाने का आवाहन किया है।


