
इटावा में श्रावस्ती मॉडल से भूमि विवादों का त्वरित निपटारा, 4.05 हेक्टेयर भूमि अवैध कब्जे से मुक्त
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा, शासन की प्राथमिकता के तहत भूमि विवादों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने हेतु आयुक्त, कानपुर मण्डल के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी इटावा श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल द्वारा 6 मई 2025 से जनपद में श्रावस्ती मॉडल आधारित अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान जनपद की सभी 06 तहसीलों एवं 20 थानों में सप्ताह में दो दिन — मंगलवार और गुरुवार — आयोजित किया जाता है।
अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक विवादित ग्रामों को चिह्नित कर राजस्व एवं पुलिस की 10 सदस्यीय दो संयुक्त टीमें, ग्राम के सभ्रांत लोगों की उपस्थिति में आपसी संवाद, सुलह-समझौता, जांच व पैमाइश के माध्यम से विवादों का समाधान कराती हैं। इन टीमों का नेतृत्व उप जिलाधिकारी/तहसीलदार/नायब तहसीलदार तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारी/उप निरीक्षक करते हैं।
आज, 14 अगस्त 2025 को, जनपद की सभी 06 तहसीलों के अंतर्गत 13 ग्रामों में संयुक्त टीमों ने 68 भूमि विवाद मामलों की पहचान कर शत-प्रतिशत समाधान कराया। इस दौरान 4.0570 हेक्टेयर भूमि अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई, जिसमें 19 नाली, 32 रास्ते, 1 तालाब, 4 खाद के गड्ढे, 2 नवीन परती/बंजर भूमि, 3 कब्रिस्तान/शमशान भूमि और 6 अन्य प्रकार की भूमि शामिल रही।
अभियान के प्रारंभ से अब तक जनपद के 446 ग्रामों में कुल 2,551 मामलों में 295.6972 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त कराई जा चुकी है। इस अभियान की जनपद स्तर पर निगरानी अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव तथा तहसील स्तर पर संबंधित उप जिलाधिकारी द्वारा की जाती है।


