
स्वतंत्रता दिवस समारोह : सीतामढ़ी जिला चहुँमुखी विकास की ओर अग्रसर – जिलाधिकारी रिची पांण्डेय
कुणाल किशोर सीतामढ़ी संवाददाता
सीतामढ़ी जिला, देश और राज्य के विकास के साथ कदम से कदम मिलाते हुए समग्र विकास की ओर अग्रसर है। समावेशी विकास की नीति के तहत सरकार के पहल पर चलाई जा रही विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से आम-आवाम को लाभ मिल रहा है। हम उम्मीद करते हैं कि सीतामढ़ी जिला का चहुंमुखी विकास होगा और हमारा जिला उन्नति के मार्ग पर अग्रसर रहेगा। उक्त बातें जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय ने स्थानीय डुमरा हवाई अड्डा मैदान पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहीं।

इसके पूर्व जिलाधिकारी ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी रिची पांण्डेय के द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। मौके पर उपस्थित श्री सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर, सदर विधायक श्री मिथलेश कुमार, माननीय विधायक बथनाहा श्री अनिल कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष अदिति कुमारी, पूर्व मंत्री डॉ. रंजू गीता, लोक अभियोजक विमल शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारियों ने भी तिरंगे को सलामी दी।

जिलाधिकारी ने अपने अभिभाषण में कहा कि न्याय के साथ विकास को मूर्त रूप देने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की नीतियों, योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों तक पहुँच रहा है। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से सीतामढ़ी का आम-आवाम भी लाभान्वित हो रहा है और जिला चहुँमुखी विकास की ओर अग्रसर है।

उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में जिले के विकास के लिए कई अहम कार्य किए गए हैं। रीगा चीनी मिल का पुनः प्रारंभ और किसानों के बकाया भुगतान, मेहसौल आरओबी का निर्माण, बुडको द्वारा स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज कार्य की प्रगति जैसे कदम उठाए गए हैं। भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण द्वारा लगभग 250 करोड़ की लागत से भिट्ठामोड़ में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे अंतर्देशीय व्यापार को गति मिलेगी। राज्य सरकार की निधि से बेलसंड में बागमती नदी पर चंदौली घाट हाई लेवल पुल का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

भारत सरकार द्वारा सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के लिए 26 किलोमीटर नई रेल लाइन की स्वीकृति दी गई है। साथ ही बिहार सरकार के आग्रह पर राम जानकी पथ का एलाइनमेंट बदलकर इसे पुनौरा धाम, हलेश्वर स्थान एवं पंथ पाकड़ डोली स्थान से जोड़ने पर सहमति दी गई है। जिलाधिकारी ने बागमती नदी पर तटबंधों के ऊंचीकरण, सुदृढ़ीकरण व सड़क निर्माण की योजना का भी उल्लेख किया, जिससे सीतामढ़ी समेत शिवहर, पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर जिले लाभान्वित होंगे। इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड प्रोजेक्ट की लगभग 90 किलोमीटर लंबी योजना के अंतर्गत 40.78 किलोमीटर का कार्य पूरा किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि 8 अगस्त 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह तथा बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर के समग्र विकास की वृहद योजना का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। 883 करोड़ की लागत से 67 एकड़ भूमि पर बनने वाली इस योजना से पुनौरा धाम को दिव्य और भव्य धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण, ग्रामीण विकास, जीविका, मद्य निषेध, स्वास्थ्य, सहकारिता, कृषि एवं पशुपालन, उद्योग, आईसीडीएस, कला संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, जिला योजना, कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना, पथ निर्माण, भवन निर्माण, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज समेत अन्य क्षेत्रों में संचालित योजनाओं से राज्य और जिले की जनता निरंतर लाभान्वित हो रही है।

उन्होंने सभी जिला वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह का मंच संचालन एस.एन. झा द्वारा किया गया।



