
लिफाफा कांड में नापे गए औरैया SDM, योगी सरकार का बड़ा एक्शन
विशाल समाचार, औरैया:
लिफाफा कांड में फंसे औरैया के एसडीएम राकेश कुमार पर योगी सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एसडीएम के ऑफिस में मेज की दराज में एक व्यक्ति द्वारा लिफाफा रखे जाने का मामला सामने आया था।
डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने वीडियो पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्राथमिक जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद जिलाधिकारी ने पूरी रिपोर्ट शासन को भेज दी। रिपोर्ट के आधार पर शासन ने एसडीएम राकेश कुमार को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन आदेश विशेष सचिव (नियुक्ति अनुभाग-3) की ओर से जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान एसडीएम राकेश कुमार को लखनऊ स्थित राजस्व परिषद से अटैच किया गया है।
मामले में अब उच्च-स्तरीय जांच शुरू हो चुकी है। जांच पूरी होने तक एसडीएम राकेश निलंबित रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि राकेश कुमार पर पहले भी आरोप लग चुके हैं, लेकिन इस बार वीडियो सामने आने से मामला खुलकर उजागर हुआ।



