पूणे

एनआईओ विज़न मैराथन 14 सितंबर को पुणे में आयोजित

एनआईओ विज़न मैराथन 14 सितंबर को पुणे में आयोजित

 

पुणे,: राष्ट्रीय नेत्ररोग संस्थान (NIO) के तत्वावधान में 14 सितंबर 2025 को सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एनआईओ विज़न हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस अनोखी दौड़ में शहर के धावक ही नहीं बल्कि दृष्टिहीन और कमजोर दृष्टि वाले प्रतिभागी भी हिस्सा लेंगे।

 

एनआईओ के डॉ. आदित्य केळकर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मैराथन टाला जा सकने वाले अंधत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा,

“हमारे माता-पिता और हममें से कई लोग ऐसे आयु वर्ग में हैं, जहां मोतियाबिंद या काचबिंद जैसी बीमारियां हो सकती हैं। कई मामलों में एक बार खोई हुई दृष्टि वापस नहीं मिलती। लेकिन समय पर की गई सामान्य नेत्र-जांच से स्थायी अंधत्व रोका जा सकता है।”

 

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार परिषद में एनआईओ के संस्थापक डॉ. श्रीकांत केळकर, डॉ. अरुणा केळकर और सिंपल स्टेप्स के आशिष कसोदेकर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

 

डॉ. जाई केळकर ने कहा कि एनआईओ विज़न मैराथन 2025 पुणे में आयोजित होने वाली एक विशेष और प्रभावशाली धावन प्रतियोगिता है, जिसका मकसद टाला जा सकने वाले अंधत्व के प्रति समाज में शिक्षा और जागरूकता फैलाना है। दुनिया भर में लाखों लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि समय पर उपचार से इसे रोका या नियंत्रित किया जा सकता है।

 

इस मैराथन में 3 किमी, 5 किमी, 10 किमी और 21.1 किमी की दौड़ें होंगी। खास बात यह है कि प्रतिभागी अपने मित्र के साथ आंखों पर पट्टी बांधकर भी दौड़ सकते हैं, जिससे उन्हें दृष्टिहीन लोगों की परिस्थितियों का अनुभव हो सके। साथ ही, इसमें दृष्टिहीन धावकों के लिए विशेष दौड़ भी रखी गई है, ताकि समाज उन्हें समान रूप से सक्षम और जिम्मेदार मान सके।

 

इस आयोजन में पुणे और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में धावक भाग लेने वाले हैं। इच्छुक प्रतिभागी एनआईओ विज़न मैराथन के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button