
“इटावा में मत्स्य सहकारी समितियों की समीक्षा बैठक, योजनाओं के लाभार्थियों को शीघ्र आच्छादित करने के निर्देश”
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता: उत्तर प्रदेश मत्स्य जीवी सहकारी संघ लि0, लखनऊ के सभापति श्री वीरू सहानी की अध्यक्षता में सिंचाई गेस्ट हाउस में विभागीय अधिकारियों एवं समिति सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
सभापति ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी जिलों का भ्रमण कर समितियों के कार्यकलापों की समीक्षा की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही ढंग से हितग्राहियों तक पहुँच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और समितियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना एवं मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। सभापति ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत महिलाओं को 60 प्रतिशत तथा पुरुषों को 40 प्रतिशत तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने जानकारी दी कि पोर्टल पर प्राप्त 49 आवेदनों में सभी पात्र पाए गए हैं और सभी को शीघ्र योजना का लाभ दिया जाएगा।
साथ ही, जनपद में मत्स्य समितियों की संख्या बढ़ाने और उन्हें मजबूत बनाने के लिए नई योजनाएँ प्रारंभ करने की घोषणा भी की गई। सभापति ने कहा कि वे प्रदेश के सभी जिलों का भ्रमण कर समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगे और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
बैठक में तहसीलदार सदर, एल०डी०एम०, मत्स्य विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


