
इटावा में प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आगामी प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2025 (PET) के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु बैठक सम्पन्न हुई। यह परीक्षा 06 एवं 07 सितम्बर 2025 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक दिन परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 10 से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को प्रथम पाली में सुबह 8 से 9:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली में दोपहर 1 से 2:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। जनपद में कुल 22 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिन पर लगभग 10,128 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक केन्द्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, कलाई घड़ी, एटीएम कार्ड, विद्युत सामग्री, धातु की वस्तुएं, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या किसी भी प्रकार की मशीन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा कक्ष, प्रवेश द्वार एवं कंट्रोल रूम पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे। गोपनीय सामग्री को भी सीसीटीवी निगरानी में ट्रंक व सील किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा तैयारियों का पूर्व निरीक्षण किया जाए तथा फर्नीचर, ईंधन, इन्वर्टर/जनरेटर, शौचालय आदि सुविधाएं पूर्णत: सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था भी की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, वरिष्ठ कोषाधिकारी डोगरा शक्ति, सभी उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


