
ह्यूंडई मोटर इंडिया और आई आई टी मद्रास ने लॉन्च किया ‘ह्यूंडई होप फॉर कैंसर’
नई दिल्ली: ह्यूंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एच एम आई एल) की सी एस आर इकाई ह्यूंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन (एच एम आई एफ) ने इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, मद्रास (आई आई टी मद्रास) के साथ मिलकर ‘ह्यूंडई होप फॉर कैंसर’ पहल लॉन्च की है। यह भारत में बच्चों में होने वाले कैंसर यानी पीडियाट्रिक कैंसर केयर की दिशा में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए पहल है। इस दिशा में कई वर्षों की अपनी प्रतिबद्धता के तहत एच एम आई एफ ने इस उल्लेखनीय प्रोजेक्ट के लिए 56 करोड़ रुपये का सोशल इम्पैक्ट इन्वेस्टमेंट किया है।
इस पहल के केंद्र में है ह्यूंडई सेंटर फॉर कैंसर जीनोमिक्स, जिसे चेन्नई में आई आई टी मद्रास के मुख्य कैंपस में स्थापित किया गया है। सेंटर का उद्घाटन भारत सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया। इस सेंटर में पहला कम्युनिटी बेस्ड कैंसर टिश्यू बैंक बनाया गया है, जिससे पीडियाट्रिक ल्यूकेमिया और लिम्फोमा के मामलों में एडवांस्ड जीनोमिक रिसर्च को गति मिलेगी।

इस लॉन्च के मौके पर भारत सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘ह्यूंडई होप फॉर कैंसर पहल के माध्यम से इंडस्ट्री-एकेडमिक साझेदारी, अर्थपूण शोध और हेल्थकेयर एवं जीनोमिक्स में प्रतिभाओं को विकसित करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति – 2020 के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। भारत में बच्चों में होने वाले कैंसर का जीनोमिक डाटाबेस तैयार करते हुए, जल्दी जांच एवं स्क्रीनिंग की व्यवस्था को मजबूत करते हुए और वंचित समुदायों तक पहुंच को विस्तार देते हुए यह पहल ‘सबका प्रयास’ के लक्ष्य का सार्थक उदाहरण है। इससे समतापूर्ण एवं टेक्नोलॉजी द्वारा सक्षम स्वास्थ्य सेवा की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता को मजबूती मिलेगी। मैं आई आई टी मद्रास और ह्यूंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन को बधाई देता हूं कि उन्होंने सही समय और नतीजों पर केंद्रित इस पहल की शुरुआत की है, जिसमें देशभर के शोधकर्ताओं, क्लीनिशियंस और इनोवेटर्स को एक मंच पर लाया गया है, जिससे हर जरूरतमंद बच्चे को नई उम्मीद, सटीक इलाज और बेहतर नतीजे मिल सकें।’
जेनेटिक म्यूटेशंस की पहचान करने के लिए इस सेंटर में जीनोमिक सिक्वेंसिंग पर फोकस किया जाएगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर पीडियाट्रिक कैंसर जीनोम डाटाबेस एवं पर्सनलाइज्ड ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल तैयार करने की आधारशिला बनेगा। यह सेंटर क्लीनिशियंस, शोधकर्ताओं, फार्मास्युटिकल वैज्ञानिकों और वैश्विक भागीदारों के लिए एक साझा मंच की तरह काम करेगा और इंटरनेशनल कैंसर जीनोम कंसोर्टियम (आई सी जी सी) और डब्ल्यू एच ओ की इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (आई ए आर सी) जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में भी योगदान देगा।
इस प्रोजेक्ट के महत्व को लेकर एच एम आई एल के मैनेजिंग डायरेक्टर, श्री उनसू किम ने कहा, ‘अपने ग्लोबल विजन ‘प्रोग्रेस फॉर ह्यूमैनिटी’ से प्रेरित होकर ह्यूंडई मोटर इंडिया को परिर्वतनकारी पहल के लिए आई आई टी मद्रास के साथ गठजोड़ करने का गर्व है। ‘ह्यूंडई होप फॉर कैंसर’ केवल एक इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की बात नहीं है, यह हीलिंग, दृढ़ता और होप की बात है। हर बच्चे को स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य जीने का मौका मिलना चाहिए।’
इस गठजोड़ को लेकर आई आई टी मद्रास के डायरेक्टर प्रोफेसर वी. कामकोटि ने कहा, ‘इस तरह के राष्ट्रीय महत्व के प्रोजेक्ट के लिए ह्यूंडई मोटर इंडिया के साथ साझेदारी से हम उत्साहित हैं। यह रिसर्च सेंटर पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी में अध्ययन को बढ़ावा देगा, जिससे बेहतर जांच एवं लक्षित इलाज में सुधार होगा। इस मिशन में हम पर भरोसा जताने के लिए हम ह्यूंडई के आभारी हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान भारत सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय कॉरपोरेट मामले और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, एच एम आई एल के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री उनसू किम, एच एम आई एफ के ट्रस्टी श्री गोपालकृष्णन सी एस, एच एम आई एल के कॉरपोरेट अफेयर्स के फंक्शन हेड श्री जियोनगिक ली, एच एम आई एल के ए वी पी व वर्टिकल हेड – कॉरपोरेट अफेयर्स, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एंड सोशल श्री पुनीत आनंद, आई आई टी मद्रास के डायरेक्टर प्रोफेसर वी. कामकोटि और आई आई टी मद्रास के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रधान शोधकर्ता प्रोफेसर एस. महालिंगम व अन्य प्रमुख भागीदार उपस्थित रहे।
इस पहल के लिए कुल 56 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ एच एम आई एफ ने 3 करोड़ रुपये का कैंसर केयर फंड भी स्थापित किया है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज मिल सके। अगले चार साल में यह सेंटर तमिलनाडु, हरियाणा एवं महाराष्ट्र में 225 से ज्यादा कैंसर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करेगा, 1.27 लाख लोगों की स्क्रीनिंग करेगा और एच पी वी से बचाव के लिए 5,000 से ज्यादा लड़कियों का टीकाकरण करेगा।

केंद्र निम्नलिखित कदम उठाएगा:
§ शोध के लिए 1,600 से ज्यादा सैंपल कलेक्ट करेगा और उनकी सिक्वेंसिंग करेगा
§ 30 से 50 बच्चों को निशुल्क इलाज प्रदान करेगा
§ जीनोमिक्स में 100 से ज्यादा टेक्नीशियंस का कौशल विकास करेगा
§ वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट्स संचालित करेगा
यह पहल हुंडई के ग्लोबल ‘होप ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम के अनुरूप है, जो दुनिया भर में कैंसर से जूझ रहे बच्चों को सहयोग देने की ब्रांड की लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।


