
गणेशोत्सव में पुणे ने बनाया नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड – सर्वाधिक नागरिकों के साथ दीपों से की गई आरती
रिपोर्ट डीएस तोमर पुणे:9822794568
पुणे: गणेशोत्सव के उल्लासपूर्ण माहौल में पुणे स्थित ढोले पाटील शैक्षणिक संस्था ने नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर शहर का नाम विश्वपटल पर स्वर्णाक्षरों में दर्ज किया है। संस्था के अध्यक्ष सागर उल्हास ढोले पाटील के नेतृत्व में सर्वाधिक नागरिकों के साथ दीप प्रज्वलित कर सामूहिक आरती की गई और इस भव्य आयोजन ने उत्तर प्रदेश, अयोध्या की शरयू आरती समिति द्वारा बनाए गए पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
संस्था के खराड़ी स्थित परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 1,724 महिलाओं ने एक साथ दीपों के साथ आरती की। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के सभी नियमों का पालन करते हुए इस प्रयास को रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। विशेष रूप से इस आरती में संस्था के भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय छात्र, प्राध्यापक और नागरिकों ने भी सहभागिता की।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के वरिष्ठ एडजुडिकेटर स्वप्नील डांग्रीकर ने मौके पर स्वयं इस प्रयास की पुष्टि की और सफलता की घोषणा करते हुए सागर उल्हास ढोले पाटील को प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस आयोजन में गिनीज रिकॉर्ड समन्वयक मिलिंद वेर्लेकर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सागर ढोले पाटील ने कहा –
“हमारे परिसर में एक सुंदर गणेश मंदिर है, जहाँ पिछले 15 वर्षों से भव्य रूप से गणेशोत्सव मनाया जाता है। अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उपक्रमों के साथ इस बार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की उपलब्धि ने इस परंपरा को और भी गौरवशाली बना दिया है।”

उन्होंने आगे कहा –“पिछले कुछ वर्षों में युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और दुर्घटनाओं ने विश्व में अशांति का वातावरण बनाया है। गणेशजी ‘विघ्नहर्ता’ हैं, जो सभी संकटों का नाश करते हैं। इसी भावना से वैश्विक शांति और समृद्धि की प्रार्थना करते हुए हमने यह विश्वविक्रम बनाया है। इस रिकॉर्ड के माध्यम से हम पूरी दुनिया में शांति का संदेश देना चाहते हैं।”
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के वरिष्ठ एडजुडिकेटर स्वप्नील डांग्रीकर (दाईं ओर) ने ढोले पाटील एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष सागर उल्हास ढोले पाटील (बाईं ओर) को नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र प्रदान किया।


