सीतामढ़ी में चंद्र ग्रहण का अद्भुत नज़ारा, लालिमा लिए चमका चाँद
सीतामढ़ी | विशाल समाचार
सीतामढ़ी में बीती रात लोगों ने एक अद्भुत खगोलीय घटना का साक्षी बने। 7 सितंबर 2025 की रात को हुए पूर्ण चंद्र ग्रहण ने पूरे आसमान को मोहक बना दिया। इस दौरान चंद्रमा लालिमा लिए हुए दिखाई दिया, जिसे आमतौर पर “ब्लड मून” कहा जाता है।
इस पूर्ण चंद्र ग्रहण की कुल अवधि लगभग 3 घंटे 30 मिनट रही। ग्रहण रात 9:57 बजे शुरू हुआ, अपने मध्य चरण में 11:41 बजे पहुँचा और 8 सितंबर की सुबह 1:27 बजे समाप्त हुआ। ग्रहण के दौरान लगभग 82 मिनट तक चंद्रमा पूरी तरह से पृथ्वी की छाया में रहा।
यह खगोलीय घटना न केवल सीतामढ़ी बल्कि पूरे भारत के अधिकांश हिस्सों से दिखाई दी। इसके साथ ही एशिया, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के कई हिस्सों में भी लोगों ने इस अद्भुत नज़ारे का आनंद लिया।
वैज्ञानिकों के अनुसार, चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और अपनी छाया चंद्रमा पर डाल देती है। इस दौरान चंद्रमा की सतह लाल दिखाई देती है। वैज्ञानिक दृष्टि से भी यह घटना महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे वायुमंडलीय प्रभावों और चंद्र सतह से जुड़े कई पहलुओं का अध्ययन संभव होता है।



