
इटावा में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
इटावा | विशाल समाचार
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तहसील चकरनगर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करना सुनिश्चित करें। संपूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रकरणों की गंभीरता से जांच की जाए तथा जबाबदेह लोगों के विरुद्ध कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि जब भी अधिकारीगण गाँवों के भ्रमण पर जाएँ, तो अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का मौके पर सत्यापन करें तथा लाभार्थियों का फीडबैक भी लें।
तहसील चकरनगर में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 38 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें मौके पर 05 शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सबसे अधिक भूमि से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निस्तारण में विलंब के कारण का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाए तथा सभी प्रकरणों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में जन सुनवाई के दौरान प्राप्त समस्याओं के निस्तारण के संबंध में शासन स्तर पर समस्या ग्रस्त व्यक्ति से फीडबैक लिया जा रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए निस्तारण गुणवत्तापूर्ण कराया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी चकरनगर, क्षेत्राधिकारी चकरनगर सहित अन्य समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
✍️ विशाल समाचार
जनता की आवाज़ – आपके साथ


